जीतेंद्र जीतू/न्यूज डेक्स राजस्थान
जयपुर। राज्यपाल कलराज मिश्र ने शनिवार को ‘इन्टरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इण्डिया’ के 32 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में फिल्म अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद को जस्टिस नरेंद्र सिंह स्मृति अंतरराष्ट्रीय शांति पुरस्कार से आन लाइन सम्मानित किया। वे ‘कोविड-19 में अर्थव्यवस्था’ विषय पर ऑनलाइन संबोधित भी किया।
राज्यपाल मिश्र ने अभिनेता सोनू सूद को बधाई देते हुए कहा कि वैश्विक महामारी से पैदा हुए मानवीय संकट को दूर करने के लिए उन्होंने जिस संवेदनशीलता और सेवाभाव का परिचय दिया वह समाज के लिए अनुकरणीय है। राज्यपाल मिश्र ने इस अवसर पर सोसायटी की 32वीं स्मारिका का विमोचन भी किया।
अभिनेता सोनू सूद ने अपने संबोधन में कहा कि लॉकडाउन के दौरान कुछ लोगों को भोजन पहुंचाने के साथ उनका जो सफर शुरू हुआ वह हजारों लोगों को घर पहुंचाने, रोजगार से जोड़ने और इलाज उपलब्ध कराने के साथ आज भी जारी है।
सिलिकन वैली अमेरिका से जुड़े गूगल के प्रतिनिधि अमित शर्मा, वनस्थली विद्यापीठ के कुलपति डॉ. आदित्य शास्त्री, इन्टरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इण्डिया के अध्यक्ष डॉ. योगेन्द्र नारायण, महासचिव आर.के भटनागर ने भी कार्यक्रम में विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रम के आरम्भ में राज्यपाल मिश्र ने संविधान की उद्देश्यिका तथा मूल कर्तव्यों का वाचन करवाया। समारोह के दौरान राज्यपाल के सचिव सुबीर कुमार, प्रमुख विशेषाधिकारी गोविन्दराम जायसवाल सहित संस्था से जुड़े पदाधिकारी, समाजसेवी तथा गणमान्यजन ऑनलाइन उपस्थित थे।