न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद। कोविड-19 की दूसरी लहर में प्रत्येक व्यक्ति अपने सामर्थय के अनुसार कोरोना सेवा कार्यों में अपना सहयोग कर रहा है। समाज सेवी संगठन सेवा कार्यों में बढ़-चढक़र अपना सहयोग कर रहे हैं। इसी मुहिम में भारत विकास परिषद जींद द्वारा जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाने का कार्य समाज के सहयोग से चल रहा है ताकि कोई भी जरुरतमंद व्यक्ति भूखा न रहे। भारत विकास परिषद की इस मुहिम को प्रोत्साहित करने के लिए संस्कार भारती के प्रांत चित्रकला प्रमुख एवं गोपाल विद्या मंदिर के कला अध्यापक दीपक कौशिक ने भारत विकास परिषद को अपनी 11 पेंटिंग दान की हैं।
परिषद इन चित्रों को भोजन व्यवस्था में सहयोगी समाजसेवियों को उपहार स्वरूप देगा। ताकि अन्य लोगों भी उनसे प्रेरणा लेकर सेवा कार्यों के लिए आगे आएं। दीपक कौशिक ने कहा कि कला का उपयोग सदैव सही दिशा में होना चाहिए और कलाकार अपने स्तर पर जो भी समाज के लिए कर सकता है उसे करना चाहिए। इस महामारी से पूरा देश लड़ रहा है। हम सबको आगे आकर इस लड़ाई को जीतना है।
युवा एवं व्यंग्य चित्रकार दीपक कौशिक की इस पहल का भारत विकास परिषद ने स्वागत किया और बताया कि दीपक समय-समय पर अपना कला धर्म निभाने में लगे रहते हैं। इस मौके पर संस्कार भारती के अध्यक्ष नरेंद्र अत्री, सोल एंड स्पीरिट आर्ट सोसाइटी के कोषाध्यक्ष मोहित बब्बर, भारत विकास परिषद के सचिव संजय वर्मा, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के प्राचार्य राजेश कुमार व अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जन-जागरण अभियानों में दीपक की रहती है विशेष भूमिका-
दीपक कौशिक एक व्यंग चित्रकार हैं और समय-समय पर समाज के लिए कला को हथियार बनाकर जन-जागरण के अभियान चलाते रहते हैं। ऐसी पहल वह कई बार कर चुके हैं। राम मंदिर निर्माण निधि संग्रह योजना के तहत भी उन्होंने अपनी दो पेंटिंग हिसार के एक कार्यक्रम में दान की थी, जिसकी खुली बोली से 56 हजार रुपए की राशि उन्होंने राम मंदिर में दान कर दी थी। अब भारत विकास परिषद को अपनी 11 पेंटिंग दान करके अन्य कलाकारों के लिए उदहारण पेश किया है।