न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद।सेना के कमांडो की वीरवार को सिवाहा गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। कमांडो एक माह पहले छुट्टी पर आया था। वीरवार को ही उनको वापस ड्यूटी के लिए घर से निकलना था तो सुबह वह बच्चों की फीस जमा करवाने के लिए पिल्लूखेड़ा स्कूल में जा रहा था। जब वह सिवाहा गांव के पास पहुंचा तो उसकी बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कमांडो 36 वर्षीय कपिल देव जो कि ढाठरथ गांव का रहने वाला था।मृतक के चचेरे भाई चांदराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कपिलदेव आर्मी में कमांडो था। उनकी अंबाला में ड्यूटी थी। वह एक माह पहले ही ड्यूटी से छुट्टी लेकर आया था। वीरवार सुबह घर से बच्चों की फीस देने के लिए पिल्लूखेड़ा स्थित एक स्कूल में जा रहा था।
जब वह बाइक पर सवार होकर सिवाहा गांव के नजदीक गया तो सामने से तेज गति में आ रहे ट्रक चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। घायल को राहगीरों की सहायता से शहर के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया तोचिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि चांदराम की शिकायत पर सड़क हादसे को अंजाम देने के आरोप में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।