अभियान के राष्ट्रीय संयोजक संजीव राणा ने की घोषणा
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 17 अगस्त।शाहाबाद के सीए नीरज लांबा को एक ईंट शहीद के नाम अभियान का प्रदेश कार्यकारी सदस्य बनाया गया है। यह घोषणा अभियान के राष्ट्रीय संयोजक संजीव राणा ने की। उन्होंने इसके साथ ही उन्होंने नीरज लांबा को जिम्मेदारी सौंपी है कि इस अभियान से जितने ज्यादा हो सके आम लोगों को जोड़ा जाए, ताकि लोगों के मन में अपने शहीदों के प्रति सम्मान की जोत प्रचंड हो। साथ ही नीरज लांबा ने इस दायित्व के लिए संजीव राणा का आभार जताया और उन्हें आश्वस्त किया कि देश भक्ति की जो मशाल वे पूरे देश में जला रहे हैं। वह प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा लोगों के मन में इस पवित्र जोत को जलाने का प्रयास करेंगे। गौरतलब है कि देश भर में लोगों की ओर से एक-एक ईंट और निर्माण सामग्री इकट्ठी करके एक ईंट शहीद के नाम अभियान की ओर से शहीदों के नाम स्मारक बनाए जा रहे हैं। अभियान के राष्ट्रीय संयोजक संजीव राणा ने कहा कि यह अभियान केवल संस्था का नहीं बल्कि देश के हर नागरिक का है। इस अभियान की ओर से अब तक अलग-अलग जगह चार स्मारक तैयार किए गए हैं, जिन पर आकर लोग शहीदों की गौरव गाथा सुनते हैं। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक एक मंदिर है। इस मंदिर के साथ उन लोगों की आस्था तो जुड़ी ही होती है जो सेना में होते हैं बल्कि उनकी आस्था प्रगाढ़ रूप से यहां जुड़ी होती है जिनके परिवार में से कोई सैनिक देश की रक्षा करते हुए शहीद हो जाता है। आम लोग जैसे सामान्य दिनों में मंदिरों में जाकर दीप जलाते हैं उसी तरह यहां पर भी लोगों को अपने बच्चों को लेकर आना चाहिए और उन्हें शहीदों की गौरव गाथा सुनानी चाहिए ताकि उनके मन में अपने देश की रक्षा का जज्बा बचपन में ही जन्म ले ले।