अब 30 जून 2021 तक विलम्ब शुल्क के साथ कर सकेंगे आवेदन
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। कोरोना वैश्विक महामारी के चलते लाकडाउन के कारण कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा ने जुलाई-अगस्त 2021 में आयोजित होने वाली यूजी, पीजी ईवन सेमेस्टर व वार्षिक परीक्षाओं के लिए फार्म भरने की तिथि बढ़ाकर 30 जून 2021 विलम्ब शुल्क के साथ कर दी है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लोक सम्पर्क विभाग के उपनिदेशक डा. दीपक राय बब्बर ने बताया कि कुवि की परीखा शाखा द्वारा परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 30 जून 2021 कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जुलाई-अगस्त 2021 में होने वाली यूजी, पीजी ईवन सेमेस्टर एवं वार्षिक परीक्षाओं के लिए छात्र अब यूजी/पीजी ईवन सेमेस्टर के पूर्व छात्र 3500 रुपये लेट फीस व निर्धारित फीस के साथ 30 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
वहीं यूजी एवं पीजी वार्षिक परीक्षाओं के लिए पूर्व छात्र कम्पार्टमेंट/एडिशनल/इम्प्रूवमेंट के लिए 6000 रुपये लेट फीस व निर्धारित फीस के साथ परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। डा. दीपक राय बब्बर ने बताया कि यूजी (प्राईवेट) अंतिम वर्ष के नए विद्यार्थी 4000 रुपये लेट फीस व निर्धारित फीस के साथ आवेदन कर सकते हैं। इससे सम्बन्धित विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाईट पर उपलब्ध है।