न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र,24 अगस्त। थानेसर के खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने सोमवार को उप जिला शिक्षा अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने कौशिक को डिप्टी डीईओ का कार्यभार ग्रहण कराया। उन्होंने रिक्त हुए खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय थानेसर का अतिरिक्त कार्यभार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र की प्रधानाचार्या संतोष शर्मा जी को सौंपा।
इस अवसर पर डिप्टी डीईओ बलजीत मालिक, एओ एसएन शर्मा, प्रिंसिपल अमरजीत शर्मा, वीरेंद्र वालिया, बलवंत वत्स, अनिल गर्ग, अनिल शर्मा, प्रवीण आर्य सहित अनेक विभागीय अधिकारी मौजूद थे।अरुण आश्री व संतोष शर्मा ने कहा कि विनोद कौशिक ने लंबे समय तक खंड थानेसर के बीईओ का कार्यभार पूरे मनोयोग से पूरा किया और उनके प्रयासों के चलते इस खंड को पूरे राज्य में अग्रणी स्थान पर लाने का कार्य किया है।
उन्होंने सरकार व विभाग की सभी योजनाओं को सफलतापूर्वक प्रभावी ढंग से लागू किया और सभी अध्यापकों व कर्मचारियों को एक टीम की तरह साथ लेकर अपेक्षा से बढ़कर परिणाम दिए। उनके कार्यकाल में ही खाद शिक्षा अधिकारी कार्यालय व संसाधन केंद्र के सुंदर भवन व भव्य मुख्यद्वार का निर्माण सम्पन्न हुआ। अरुण आश्री ने संतोष शर्मा, को खंड शिक्षा अधिकारी का कार्यभार सौपते हुए कहा कि उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र को पूरे राज्य में अच्छी पहचान दिलाने का कार्य किया है।
आश्री ने आशा व्यक्त की कि दोनों अधिकारी अपने अपने कार्य का संपादन निष्पादन, पूरी लगन और निष्ठा से आगे भी करते रहेंगे तथा दोनों अधिकारियों को उनके अच्छे कार्यकाल की बधाई, शुभकामनाएँ दीं।नवनियुक्त उप जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने कहा कि डिप्टी डीईओ के रूप में अपने कार्य का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करेंगे। सभी कर्मचारियों व अध्यापकों को साथ लेकर चलेंगे। विभाग की सभी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करवाएंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के स्नेह व प्यार के लिए आभार जताया।