कुरुक्षेत्र के शांतिनगर कुरड़ी के निकट मिली थी यूपी के शामली वासी युवक अदनान की लाश
6 जुलाई को अदनान की हत्या अवैध तमंचे से गोली मार कर की गई और आरोपी गाड़ी लेकर फरार हो गए थे
डीएसपी नरेंद्र सिंह ने किया हत्या प्रकरण की गुत्थी सुलझाने का दावा,तीनों 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिए गए हैं आरोपियों से पूछताछ जारी
आरोपियों के खिलाफ पंजाब में दर्ज हैं कईं मामले
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने अदनान मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या प्रकरण में शामिल तीन आरोपियो को गिरफ्तार किया है। अपराध अन्वेषण शाखा-2 ने अदनान मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए इस हत्या मामले में आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नी पुत्र आत्मा राम वासी गणपति एन्कलेव भठिंडा, रोहित विक्टर उर्फ विक्की पुत्र प्रीतम कुमार वासी हंसनगर भठिंडा व सक्षम गिरी उर्फ सरसार उर्फ सनी पुत्र जसवंत सिंह वासी नथावाला फरीदकोट को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी उप पुलिस अधीक्षक अपराध नरेंद्र सिंह ने दी।
जानकारी देते हुए नरेंद्र सिंह ने बताया कि 8 जून 2021 को मोहम्मद अब्बास पुत्र जानमहोम्मद वासी भैसानी इस्लामपुर थाना भवन जिला शामली यूपी ने थाना झांसा में दी अपनी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उसके तीन लड़के और चार लड़किया हैं। उसका सबसे बड़ा लड़का मोहम्मद अदनान एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। लॉकडाऊन के कारण वह अपनी गाड़ी नम्बर UP15CY8291 को टैक्सी के रुप में चलाता था तथा कभी-कभी सवारियों को लेकर बाहर भी चला जाता था।
दिनांक 5 जून 2021 को वह सुबह करीब 10 बजे एक सवारी को मेरठ कैंट से जम्मू छोड़कर वापिस आ रहा था। दिनांक 06 जून 2021 को उसके भाई रिजवान ने उसके साथ सुबह 10.00 बजे बात की तो उसने बताया कि वह अंबाला के नजदीक पहुंच गया है। उसके बाद उसने अपने लडके के पास बार बार फोन मिलाया तो उससे सम्पर्क नही हो पाया और वह घर भी नहीं पंहुचा। उसके बाद वह उसकी तलाश करने लग गये ।
8 जून 2021 को करीब 4.00 बजे शाम को उसके पास थाना झांसा जिला कुरुक्षेत्र से फोन आया कि गांव शान्तिनगर कुरडी जिला कुरुक्षेत्र के पास एक नौजवान लड़के की लाश मिली है। उसकी जेब से उसका आधार कार्ड मिला जिसमें उसका नाम मोहम्मद अदनान पुत्र मोहम्मद अब्बास मेसानी इस्माईलापूर भैसानी इस्लामपुर शामली यूपी लिखा हुआ है। सूचना मिलते ही वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ शान्तिनगर कुरडी नहर पर पहुंचे ।
वहां पहुंचकर उसने मृतक नौजवान लड़के को देखा और पहचान लिया कि यह उसका लड़का मोहम्मद अदनान है। उसके शरीर का पिछला कुछ हिस्सा जंगली जानवरों ने खाया हुआ था। जिसकी शिकायत पर थाना झांसा में हत्या का मामला दर्ज करके जांच प्रबन्धक थाना झांसा निरीक्षक राजीव कुमार को सौंपी गई ।मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र हिमांशु गर्ग ने एसआईटी बनाकर वारदात में संलिप्त आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के आदेश दिये गये थे।
दिनांक 15 जुलाई 2021 को स्वयं उप पुलिस अधीक्षक अपराध नरेंद्र सिंह, अपराध अन्वेषण शाखा-2 के प्रभारी निरीक्षक मनदीप सिंह व प्रबन्धक थाना झांसा निरीक्षक राजीव कुमार के मार्ग निर्देश में उप निरीक्षक बलबीर सिंह, सहायक उप निरीक्षक सतविन्द्र सिंह, हवलदार प्रवेश कुमार व जयपाल की टीम ने मामले की गहनता से जांच करते हुए अदनान की हत्या करने के आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नी पुत्र आत्मा राम वासी गणपति एन्कलेव भठिंडा, रोहित विक्टर उर्फ विक्की पुत्र प्रीतम कुमार वासी हंसनगर भठिंडा व सक्षम गिरी उर्फ उर्फ सरसार उर्फ सनी पुत्र जसवन्त सिंह वासी नथावाला फरीदकोट को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि वह तीनों किराये पर एक टैक्सी लेकर जम्मू में घूमने गये थे। 5/6 जुलाई 2021 की रात को वापसी में वह पठानकोट में एक ढाबे पर खाने-पीने के लिए रुके। वहां पर अदनान भी चाय पीने के लिए रुका था। वहीं पर उन्होंने योजना बनाई की वह उसकी कार छीनेंगे । उन्होंने पठानकोट से दिल्ली के लिए अदनान की कार किराये पर कर ली। अदनान की कार में रोहित व सक्षम बैठ गये व मनप्रीत दूसरी किराये की कार में बैठ कर पठानकोट से चला गया।
मनप्रीत किराये की कार सहित राजपुरा में रुक गया,जबकि रोहित और सक्षम अदनान की कार में अंबाला आ गये थे।जिस समय वह अंबाला के नजदीक पहुंचे तो योजना के मुताबिक उन्होंने अदनान को बाबा मार्कंडेय का मंदिर देखने की बात कही । जिस समय वह गांव शांतिनगर कुरड़ी नहर पर पहुंचे तो रास्ता सुनसान होने के कारण उन्होंने कार छीनने की योजना को अंजाम देने के लिए मौके का फायदा उठाकर गाड़ी को रुकवाया ।
उन्होंने अदनान को गाड़ी छोड़कर भाग जाने के लिए कहा, लेकिन अदनान ने अपनी कार को छोड़कर जाने से मना कर दिया । आरोपियों ने उसको अवैध हथियार से गोली मार दी और गाड़ी लेकर मौका से फरार हो गये थे। उसके बाद रोहित व सक्षम अदनान की कार से जीरकपुर पहुंचे व रोहित भी किराये की कार को लेकर राजपुरा से जीरकपुर आ गया। जहां पर उन्होंने डर के मारे अदनान की गाड़ी वहीं खड़ी कर दी, ताकि किसी को उन पर शक न हो और वहां से फरार हो गये। आरोपियों को अदालत में पेश करके अदालत के आदेश से 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। जांच जारी है।
आरोपियों के खिलाफ पंजाब में दर्ज हैं कईं मामले
जानकारी देते हुए डीएसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ इस वारदात के अलावा पंजाब में भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपी रोहित विक्टर उर्फ विक्की पुत्र प्रीतम कुमार वासी हंसनगर भठिंडा के खिलाफ जान से मारने की कोशिश, लूट, छीना झपटी, चोरी व आर्म्स एक्ट के तहत 06 मामले दर्ज हैं, एक मामले में गिरफ्तारी बकाया है । आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नी पुत्र आत्मा राम वासी गणपति एन्कलेव भठिंडा के खिलाफ मारपीट करने व आर्म्स एक्ट के तहत 02 मामलें दर्ज हैं, एक मामले में गिरफ्तारी बकाया है । इसके अलावा आरोपी सक्षम गिरी उर्फ सरसार उर्फ सनी पुत्र जसवन्त सिंह वासी नथावाला फरीदकोट के खिलाफ नशीली वस्तु अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है ।