न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि शहर में बरसाती पानी की निकासी के लिए पम्प की व्यवस्था की गई है। जिस-जिस जगह पर पम्प की जरूरत है, उन-उन जगहों पर पम्प लगाकर पानी की निकासी करवाई जा रही है। विधायक सुभाष सुधा ने सोमवार को देर सायं पुराने बस स्टैंड, संत निरंकारी भवन के सामने, रोटरी चौक, झांसा रोड़, पिपली से थर्ड गेट तक, नगली कुटिया चौंक सहित अन्य कई क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान जहां-जहां भी बरसात का पानी रूका हुआ था उन-उन जगहों पर पम्प लगाकर पानी की निकासी का काम शुरू करवाया। इसके साथ ही सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर तलब किया और आदेश दिए कि अधिकारी और कर्मचारी नियमित रूप से फील्ड में रहे और पानी की निकासी को करवाना सुनिश्चित करे। अगर निरीक्षण के दौरान कहीं भी कोई कमी या लापरवाही पाई गई तो सम्बन्धित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।