कंडेला खाप के सभी 28 गांवों में चलेगा पौधरोपण अभियान
न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद। कंडेला गांव के चबूतरे पर शुक्रवार को आयोजित महाभोज में सैकड़ों ग्रामीण जुटे। इसका आयोजन सर्वजातीय खाप के पूर्व प्रधान टेकराम कंडेला की रहनुमाई में बने खाप के धर्मपाल गट ने किया था। कार्यक्रम में प्रधान धर्मपाल को खेती का प्रतीक हल भेंट किया गया। इस दौरान फैसला लिया गया कि इस महीने कंडेला खाप के अंतर्गत आने वाले सभी पुराने 28 गांव में वृक्षारोपण अभियान चलाकर हरा-भरा किया जाएगा, ताकि वातावरण में ऑक्सीजन की कमी न हो।
महाभोज के दौरान पांच प्रस्ताव भी पारित किए गए। इनमें सभी कंडेला खाप के 28 गांव में भाईचारा व सद्भाव मजबूत करने, युवाओं को नशे की आदत से छुटकारा दिलाने, कन्या भ्रूण हत्या रोकने व बालिकाओं की शिक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाने, शिक्षा व खेल सुविधाएं बढ़ाने, किसान-मजदूर के आंदोलन में आवाज उठाने तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लड़ने व महिला अपराधों के खिलाफ प्रशासन के साथ मिलकर अभियान चलाया जाएगा।