न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। हिसार एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखे जाने के सरकार के निर्णय का अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन ने स्वागत किया है। अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश उपाध्यक्ष एंव कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य मोहिंद्र सिंगला ने सरकार और सीएम मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन के नाम पर एयरपोर्ट बनाकर सरकार ने वैश्य समाज का मान बढ़ाया है।
मोहिंद्र सिंगला ने अग्रवाल सम्मेलन की तरफ से मुख्यमंत्री मनोहर लाल, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, हिसार विधायक कमल गुप्ता और अग्रवाल वैश्य सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग, प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंगला का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने व्यापारी वर्ग और वैश्य समाज को महाराजा अग्रसेन के नाम पर वोट के लिए इस्तेमाल किया जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार ने हिसार एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखकर समाज का दिल जीत लिया है।
प्रसिद्ध समाजसेवी मोहिंद्र सिंगला ने कहा कि इस निर्णय ने वैश्य समाज का मान बढ़ाया है। सिंगला ने कहा कि सरकार का ये निर्णय व्यापार, उद्योग और प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। हरियाणा में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट बनाने के ऐलान के बाद वैश्य समाज में उत्साह है।