न्यूज डेक्स संवाददाता
जींद।वामपंथी पार्टियों के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने वीरवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक केस दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और पुतला फूंक कर रोष जताया। प्रदर्शन से पहले वामपंथी पार्टियों के कार्यकर्ता नेहरू पार्क में एकत्रित हुए और रोष सभा का आयोजन किया। सीपीआईएम के जिला सचिव रमेशचंद्र व प्रकाश चंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में वे अपने कार्यकर्ताओं को राज्य में आंदोलनकारी किसानों को सबक सिखाने के लिए डंडे उठाने का आह्वान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा राज्य में हिंसा भड़काने का आह्वान करना बेहद आपत्तिजनक, संविधान विरोधी और आपराधिक कृत्य है। ऐसे में उन्हें एक पल के लिए भी मुख्यमंत्री के पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं रह जाता है।
यह राज्य में आपसी सद्भाव एवं अमन शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था के लिए बेहद घातक है। ऐसे व्यक्ति को तुरंत मुख्यमंत्री के पद से बर्खास्त किया जाए और उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यूपी के लखीमपुर खीरी में केंद्रीय राज्य गृह मंत्री अजय मिश्रा के पुत्र ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे किसानों के ऊपर जीप चढ़ा दी और नौ लोगों की मौत हो गई। यह बहुत ही अशोभनीय व अलोकतांत्रिक घटना है। इस पर प्रधानमंत्री व गृह मंत्री ने आज तक बयान तक नहीं दिया है। वामपंथी पार्टियों ने मांग की कि गृहमंत्री व उनके पुत्र को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। जब से देश व प्रदेश की सत्ता पर बीजेपी काबिज हुई है तब से इन सरकारों द्वारा देश की जनता के खिलाफ एक प्रकार से युद्ध ही छेड़ रखा है। उन्होंने मांग की कि भारी बारिश के कारण जींद जिले में विशेषकर जुलाना में हुए जलभराव के कारण खराब हुई फसलों की विशेष गिरदावरी की जाए तथा खेतों में भरे हुए पानी की निकासी की जाए। इस मौके पर बलबीर सिंह, डा. रामचंद्र, संदीप जाजवान, राजेश कुमार, सुरेश, सतबीर, दीनदयाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।