भाजपा प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह भाटी व खेल मंत्री संदीप सिंह ने किया किसानों को संबोधित
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र 8 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की तरफ से इस्माइलाबाद के एक निजी पैलेस में किसान संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र से किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समय सिंह भाटी और खेल एवं युवा मामलों के मंत्री संदीप सिंह ने भाग लिया। खेल मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि नया कृषि अध्यादेश किसानों के हित में है। विपक्ष के लोग जानबूझकर किसानों को गुमराह कर रहे हैं। नए अध्यादेश से किसानों को अपनी फसल ऊंचे दाम पर पूरे देश में कहीं भी बेचने की आजादी होगी और वन नेशन वन मार्केट पॉलिसी लागू होने से किसान पूरे देश में कहीं भी अपनी फसल को ऊंचे दाम पर बेच सकेगा।
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समय सिंह भाटी ने कहा कि कुछ लोग किसान यूनियन के नाम पर दुकानदारी चला रहे हैं और किसानों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे लोग विपक्ष के साथ मिलकर किसानों के अधिकारों का दमन करने के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने कभी नहीं कहा कि किसानों की फसल नहीं खरीदी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार फसल का दाना दाना खरीदेगी। लेकिन यदि कोई कंपनी या व्यापारी किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित एमएसपी से अधिक दाम देकर उसकी फसल खरीदना चाहता है तो किसान को पूरा अधिकार होगा कि वह पूरे देश में अपनी फसल को किसी को भी बेच सकता है। यदि उसे कोई खरीददार नहीं मिलता तो सरकार उसकी फसल का दाना दाना खरीदेगी।
उन्होंने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों से सावधान रहें। क्योंकि ऐसे लोग सिर्फ सौदेबाज होते हैं। जिन्हें किसान से कोई मतलब नहीं। केवल अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिए इस तरह की राजनीति करना इनका उद्देश्य होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पहली सरकार है। जिसने किसानों की पेंशन योजना किसान सम्मान निधि के नाम से शुरू करके उन्हें 6000 सालाना पेंशन देने का प्रावधान तय किया है। सभी किसानों के खातों में एक साल में 6000 सरकार द्वारा सम्मान निधि के रूप में जमा कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का किसान मोर्चा की ओर से जोरदार स्वागत किया गया।
हरियाणा के खेल एवं युवा मामलें मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन का अर्थ यह है कि सरकार को अंदाजा लग जाता है कि कितनी फसल किसानों की इस बार बिक्री हेतु मंडी में आएगी। क्योंकि किसानों के नाम पर बिचौलिए फर्जीवाड़ा करके सस्ते दामों में दूसरे प्रदेशों से लाई गई फसलें सरकार को बेचकर भारी मुनाफा कमा जाते हैं। जबकि किसान इन योजनाओं से वंचित रह जाता था। इसलिए रजिस्ट्रेशन करने वाले किसानों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल का उद्देश्य कालाबाजारी को रोकना है। खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ग्राम पंचायतों और किसान समितियों के माध्यम से किसानों को 80 टन तक की सब्सिडी पर कृषि यंत्र उपलब्ध करा रही है।
इससे उन किसानों को फायदा मिलेगा। जो यंत्र खरीदने में सक्षम नहीं है। कई किसान इकट्ठे होकर अपना समूह बना कर सरकार से कृषि यंत्र ले सकते हैं। सरकार ने कभी भी नहीं कहा कि वह किसान की फसल नहीं खरीदेगी। किसान की फसल का दाना दाना खरीदा जाएगा । इसलिए विपक्ष के बहकावे में ना आएं। यदि सदियों पुराने परंपराओं को तोडक़र कृषि क्षेत्र का विकास करना है तो कुछ नया अपनाना ही पड़ेगा।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनदीप सिंह विर्क, ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष लाडी पाल, मंडल प्रधान राकेश पुरोहित, बाखली मंडल प्रधान साधु सिंह, प्रहलाद शर्मा, जय सिंह पाल, सोनू अरोड़ा सरपंच, सुखबीर इशाक, जिंदरपाल शर्मा, जसविंदर सैनी, पुनीत मल झांसा, विनोद शर्मा, जय भगवान शर्मा, मदन मनचंदा, रतन सिंह सरपंच खेड़ी शिशगरा, वीरेंद्र शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।