न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन पेपर सैटिंग सॉफ्टवेयर मॉड्यूल को शत-प्रतिशत ऑपरेट करने के संदर्भ में परीक्षा नियंत्रक द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस संबंध में बुधवार को कमेटी रूम, परीक्षा शाखा में सभी विभागाध्यक्षों/निदेशकों व विभिन्न विभागों के शिक्षकों के साथ ऑनलाईन मीटिंग का आयोजन किया जिसका शुभारंभ डीन अकेडमिक अफेयर्स प्रो.. मंजुला चौधरी द्वारा किया गया। मीटिंग की अध्यक्षता डीन ऑफ कॉलेज डॉ. अनिल वोहरा ने की। गौरतलब है कि इस ऑनलाइन पेपर सेटिंग सॉफ्टवेयर का शुभारंभ गत दिनों कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा किया गया था जिसे शत-प्रतिशत लागू कर दिया गया है और डबल पासवर्ड के साथ इसे सुरक्षित किया गया है।
इस अवसर पर डॉ. मंजुला चौधरी ने परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह को उनके द्वारा ऑनलाईन पेपर सेटिंग सॉफ्टवेयर के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की व उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पेपर सेटिंग कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परीक्षा शाखा के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस सॉफ्टवेयर मॉड्यूल से गोपनीय शाखा की दक्षता में बढ़ोतरी होने के साथ-साथ पेपर लैस, कुशल और पारदर्शिता से काम हो सकेगा। इसके साथ ही इस प्रक्रिया से डाक खर्च व कागज आदि की भी बचत होगी जिससे उनकी कार्यकुशलता व कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी, साथ ही पूरे सिस्टम से शिक्षकों के साथ-साथ परीक्षा शाखा के कर्मचारियों के समय की भी बचत होगी।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने कहा कि ऑनलाइन पेपर सेटिंग सॉफ्टवेयर से संबंधित सभी गाइडलाइन संबंधित पोर्टल पर जारी कर दी गई है व विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों, निदेशकों और शिक्षकों की सुविधा हेतु एक प्रस्तुतीकरण भी दी गई, इसके साथ-साथ सभी शिक्षकों की सुविधा हेतु अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों को भी पोर्टल पर सांझा किया गया है ताकि आने वाले समय में ऑनलाइन पेपर सैटिंग सॉफ्टवेयर व पेपर अपलोड करने संबंधित कोई भी समस्या का सामना न करना पड़े। इसकी अधिसूचना व प्रजेनटेशन कॉपी सभी संबंधित कॉलेजों/संस्थानों के प्राचार्यों व निदेशकों को भी ई-मेल के माध्यम से भेज दी गई है।
शिक्षकों द्वारा तैयार किए गए पेपर की गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस सॉफ्टवेयर में डबल पासवर्ड की भी व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि इस सॉफ्टवेयर के शुरू होने से पेपर सैटिंग का काम पेपर लैस हो गया है और गोपनीय शाखा के कर्मचारियों को शिक्षकों को पेपर सैटिंग के लिए हार्ड कॉपी, लिफाफे, नियुक्ति पत्र, रेम्युनिएशन परफार्मा, सिलेबस, पुराने प्रश्न-पत्र आदि नहीं भेजने पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि इस आनलाईन सॉफ्टवेयर मॉड्यूल के माध्यम से शिक्षकों को किसी भी तरह की हार्ड कॉपी परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में नहीं भेजनी पड़ेगी। इस अवसर पर उमा शंकर शर्मा, विनोद शर्मा, कम्प्यूटर लैब से सोनू मलिक, शैलजा, राजीव, महेन्द्र, राकेश कुमार सहित गोपनीय शाखा के कर्मचारी भी मौजूद थे।