स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय कार्यक्रम 12 जनवरी से 16 जनवरी 2022 तक संपन्न होंगे
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। अध्यात्म प्रेरित सेवा संस्थान मातृभूमि सेवा मिशन के 19वें स्थापना दिवस, स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राष्ट्रीय जीवनमूल्यों को समर्पित पांच दिवसीय कार्यक्रम 12 जनवरी से 16 जनवरी 2022 तक संपन्न होगें। 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में श्रीमद्भगवद्गीता जन्मस्थली ज्योतिसर में एक वैदिक यज्ञ एवं युवा संवाद कार्यक्रम, 13 जनवरी को ब्रह्मसरोवर पर नारायण सेवा कार्यक्रम एवं 14 जनवरी को मक्रर संक्रांति के उपलक्ष्य में नवभारत के निर्माण में स्वामी विवेकानंद का दृष्टिकोण विषय पर वेबिनार संपन्न होगी।
यह जानकारी देते हुए मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने कहा कि 15 जनवरी को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका विषय पर विचार गोष्ठी एवं 16 जनवरी को मातृभूमि सेवा मिशन आश्रम परिसर में वैश्विक परिप्रेक्ष्य में 21वीं सदी का भारत एवं भारतीय युवा पीढ़ी विषय पर संगोष्ठी एवं युवा सम्मान समारोह होगा। इन सभी कार्यक्रम में देश के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, विद्वान, प्रबुद्धजन, शोधार्थी एवं विद्यार्थी भाग लेगें।
डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने कहा कि मातृभूमि सेवा मिशन अपने स्थापना काल से समाज के गरीब एवं असहाय लोगों की सेवा में समर्पित है। मिशन भारतीय धर्म, संस्कृति एवं दर्शन के निरंतर पोषण एवं संर्वधन के लिए दृढ़ संकल्पित है। स्वामी विवेकानंद ने दुनिया में भारतीय वेदांत दर्शन का प्रचार प्रसार किया। स्वामी विवेकानंद का मानना था कि अध्यात्म विद्या और भारतीय दर्शन के बिना विश्व अनाथ हो जाएगा। स्वामी विवेकानंद सदैव खुद को गरीबों का सेवक मानते थे। भारत के गौरव को देश एवं दुनिया तक पहुंचाने के लिए वह जीवनभर प्रयत्नशील रहे। आज भारत की युवा पीढ़ी स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं को आत्मसात कर भारत को हर प्रकार से सुदृढ़ बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।