विधायक सुभाष सुधा के निर्देशानुसार कंपनी ने शिविर लगाकर किया गलतियों को ठीक
शहर के सभी 31 वार्डों में शिविरों का किया जाएगा आयोजन
विधायक सुभाष सुधा ने विभिन्न शिविरों का निरीक्षण कर गलतियों को ठीक करवाने आए लोगों से की बातचीत
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स में गलतियों को ठीक करवाने के लिए लोगों को नगर परिषद थानेसर कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पडेंग़े, नप के कर्मचारी अब वार्ड वाईज कैंप लगा कर प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित गलतियों को उनके घर के पास ही ठीक कर रहे है। टैक्स संबंधी गलतियों को ठीक करवाने के लिए याशी कंपनी द्वारा वार्ड वाईज कैंप लगाए जा रहे है। विधायक सुभाष सुधा शनिवार को विभिन्न जगहों पर लगाए गए शिविरों का निरीक्षण करने के उपरांत बातचीत कर रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा ने सेक्टर- 3, 5, 7 व 13 में लगाए गए शिविरों का निरीक्षण किया और वहां पर काम कर रहे अधिकारियों तथा प्रॉपर्टी टैक्स की गलतियों को ठीक करवाने आए लोगों से बातचीत की।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि टैक्स संबंधी गलतियां ठीक होने के बाद सारा सिस्टम ऑनलाइन हो जाएगा जिससे लोग घर बैठे-बैठे ही अपनी टैक्स से संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और गलतियां भी स्वयं ठीक करवा सकेंगे। इससे लोगों को नप के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके अलावा भविष्य में मकान या जमीन इत्यादि की खरीद-फरोख्त करने, रखरखाव व मलकियत में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे के क्लेम और ऑब्जेक्शन को सुधार करने के लिए याची कंसल्टिंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा शिविर लगाए जा रहे हैं जिसमें रजिस्ट्री परिवार पहचान पत्र आधार कार्ड और पुरानी कर रसीद बिजली बिल आवेदन के साथ जमा करके उसे तुरंत ठीक करवा सकते हैं शिविर लगने से नगर परिषद में लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा।
विधायक आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपनी प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित गलतियों को ठीक करवाने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर इनका लाभ उठाए। इससे जहां नगर परिषद थानेसर में लाइनों में लगने से छुटकारा मिलेगा वहीं शिविर में आकर अपने दस्तावेज देकर 3 मिनट के अंदर प्रॉपर्टी टैक्स ठीक करवा सकते है। सचिव अजीत अरोड़ा व केएल बठला ने बताया कि जो भी संबंधित व्यक्ति गलतियां ठीक करवाने आए तो वह अपनी प्रॉपर्टी के मालिकाना हक का सबूत जैसे संबंधित प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री, अलॉटमेंट लेटर, आधार कार्ड व फैमिली आईडी जरुर साथ में लाएं।