न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के राज्यपाल एवं जेसी बोस यूनिवर्सिटी ऑफ साइंसिज एंड टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय, फरीदाबाद के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय के निर्देशानुसार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के एल्युमनाई एवं पंजाब विश्वविद्यालय के प्रोफेसर सुशील कुमार तोमर को जेसी बोस यूनिवर्सिटी ऑफ साइंसिज एंड टेक्नोलॉजी, फरीदाबाद का कुलपति के पद पर तीन वर्ष के लिए नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने प्रोफेसर एसके तोमर को जेसी बोस यूनिवर्सिटी ऑफ साइंसिज एंड टेक्नोलॉजी के कुलपति बनने पर बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र देश ही नहीं अपितु विदेशों में विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां के पूर्व छात्र कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ब्रांड एम्बेसडर हैं जिनके कारण कुवि की राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पटल पर विशिष्ट पहचान है। गौरतलब है कि प्रोफेसर एसके तोमर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं तथा उन्होंने वर्ष 1986 में कुवि के गणित विभाग से एमएससी, 1987 में एमफिल् तथा वर्ष 1994 में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।