इतिहास बुद्धिजीवियों के सेमिनार करवाने की बनाई जा रही है योजना : गुरविंदर सिंह धमीजा
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र ।
श्री गुरु तेग बहादुर हाई स्कूल जींद को हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी हर साल एक लाख ११ हजार रुपये आर्थिक सहयोग देगी। इतना ही नहीं, संस्था ने आवश्यकतानुसार भवनों का नवीनीकरण भी आरंभ कर दिया है। यह जानकारी हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट के प्रधान बाबा कर्मजीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में जींद के एतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब में पुरातन कुएं का नवीनीकरण करवाया गया है, जिसका उद्घाटन गत दिवस उनके द्वारा किया गया है। उन्होंने बताया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर हाई स्कूल को हर साल एक लाख ११ हजार रुपये सहायता दी जा रही थी, जिसे हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी ने जारी रखने का निर्णय लिया है। एचएसजीएमसी भी इस स्कूल को हर साल बतौर आर्थिक सहयोग एक लाख ११ हजार रुपये देगी। यही नहीं, जींद में सुशोभित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब की ड्योढी साहिब का नवीनीकरण भी किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कमेटी द्वारा अनुभव के आधार पर कर्मचारियों को एडजस्ट करने की पॉलिसी तैयार करने की बात भी कही। इसके तहत उन कर्मचारियों को महत्व दिया जाएगा, जिन्हें काम का अनुभव है और जो लंबे समय से अपनी ड्यूटी बाखूबी निभा रहे हैं। गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जींद में बतौर रागी ड्यूटी निभाने वाले कर्मचारियों का नाम खेतीबाड़ी से हटाकर नियमानुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।
एचएसजीएमसी प्रधान ने बताया कि संस्था द्वारा गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब लाखनमाजरा में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब का गुरुतागद्दी दिवस भी मनाया गया है, जिसमें भारी तदात में संगत ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। समागम में कीर्तन दरबार सजाया गया। इस दौरान ज्ञानी गुरुदेव सिंह के जत्थे ने शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। उन्होंने बताया श्री गुरु तेग बहादुर साहिब ने धर्म प्रचार के दौरान केंद्र धमतान साहिब को बनाया था, जहां आज ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब धमतान साहिब सुशोभित है। उन्होंने बताया कि पटना साहिब जाते समय गुरु साहिब ने लाखनमाजरा में ठहराव किया था, इसलिए गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब लाखनमाजरा का भी विशेष महत्व है। प्रधान साहिब ने बताया कि प्रदेश भर में धर्म प्रचार की लहर को ओर भी गति दी जाएगी। संस्था द्वारा धार्मिक समागम करवाने के साथ-साथ शिक्षण सस्थाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
महासचिव गुरविंदर सिंह धमीजा ने कहा कि हरियाणा कमेटी द्वारा अलग-अलग गुरुद्वारा साहिबान में सिख इतिहास बुद्धिजीवियों से सेमिनार करवाने की योजना बनाई जा रही है। इन सेमिनार में बच्चों व युवाओं को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा, ताकि भविष्य की पीढ़ी को गुरु व सिख इतिहास का ज्ञान हो सकें। इसके अलावा इन सेमिनार में गुरु साहिबान के जीवन पर चर्चा भी की जाएगी। इस दौरान संस्था के कनिष्ठ उप प्रधान बाबा गुरमीत सिंह तिलोकेवाला, महासचिव गुरविंदर सिंह धमीजा, कार्यकारिणी समिति मैंबर गुरबखश सिंह खालसा, परमिंदर कौर जींद, गुरजिंदर सिंह जींद, अंग्रेज सिंह कैथल, हरभजन सिंह राठौर सहित अन्य मौजूद रहे।