Home Kurukshetra News गीता जन्मस्थली की मिट्टी,पवित्र सरोवरों का जल श्रीराम मंदिर पूजन में शामिल होना हरियाणा का गौरव-ज्ञानानंद

गीता जन्मस्थली की मिट्टी,पवित्र सरोवरों का जल श्रीराम मंदिर पूजन में शामिल होना हरियाणा का गौरव-ज्ञानानंद

by ND HINDUSTAN
0 comment

आर्यन/न्यूज डेक्स संवाददाता

कुरुक्षेत्र 30 जुलाई गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि गीता स्थली ज्योतिसर की मिट्टी, ब्रहमसरोवर, सन्निहित सरोवर, आदि बद्री से सरस्वती नदी, सिंधु नदी व कैलाश मान सरोवर का जल अयोध्या में श्रीराम मंदिर पूजन में शामिल किया जाएगा। यह कुरुक्षेत्र ही नहीं हरियाणा के लिए गौरव का क्षण होगा। इससे पूरे राष्ट्र को सदभावना का संदेश भी मिलेगा। अहम पहलू यह है कि गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद स्वयं जल और मिट्टी को लेकर अयोध्या में जाएंगे और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास को सौंपेगे। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद वीरवार को ब्रहमसरोवर के पावन तट पर जिला प्रशासन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, उपायुक्त धीरेंद्र खडगटा, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, केडीबी के सीईओ एवं एसडीएम कपिल शर्मा, विश्व हिन्दू परिषद के अध्यक्ष योगेश दत्ता, बजरंग दल हरियाणा के संयोजक सुशील चौधरी, कुरुक्षेत्र के संयोजक धर्मवीर, सुरेश जोशी ने ब्रहमसरोवर, सन्निहित सरोवर, आदि ब्रदी से सरस्वती नदी, कैलाश मान सरोवर, सिंधू नदी का जल, श्रीथानेश्वर महादेव मंदिर का जल और गीता स्थली ज्योतिसर की मिट्टी गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद को सौंपी है। इस दौरान बजरंग दल हरियाणा की तरफ से पानीपत के कालाआम्ब से शहीदों की स्थली की मिट्टी भी स्वामी ज्ञानानंद को दी है। स्वामी ज्ञानानंद इस मिट्टी और जल को लेकर 5 अगस्त को अयोध्या में होने वाले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और मिट्टी और जल को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास को सौंपेगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा ने लोगों से अपील की है कि 5 अगस्त को सभी लोग अपने-अपने घरों में दीपक जलाएं और श्रीराम का जाप करे। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि 5 अगस्त को श्रीराम मंदिर के निर्माण हेतू भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम वास्तव में समुचे राष्ट्र और विश्व में राम भक्तों और राष्ट्र प्रेमियों के लिए गौरव सम्मान के क्षण होंगे। इससे पूरे विश्व को सदभावना का संदेश जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का शिलान्यास और पूजन के लिए पहुंच रहे है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की तरफ से मुख्यमंत्री मनोहर लाल को संदेश दिया गया कि हरियाणा की सहभागिता और सदभावना पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम में मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का संदेश मिलने के बाद हरियाणा की भूमि से गीता स्थली ज्योतिसर की मिट्टी, ब्रहमसरोवर, सन्निहित सरोवर, आदि ब्रदी से सरस्वती नदी, कैलाश मान सरोवर, सिंधू नदी का जल लेकर खुद अयोध्या जा रहे है। यह जल और मिट्टी श्रीराम जन्मभूमि पूजन में शामिल की जाएगी तो हरियाणा के लिए यह गौरवमयी क्षण होंगे। उन्होंने कहा कि श्रीराम पूजन, ज्योति कार्यक्रम सहित अन्य जो भी कार्यक्रम अभी तक हुए है, वे इन कार्यक्रमों की कड़ी रही है, इसलिए उनको इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हरियाणा से निमंत्रण दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राफेल का स्वागत करते हुए पवित्र ग्रंथ गीता के 11वें अध्याय के 24वें श्लोक का मनन किया। इससे स्पष्टï हो गया कि गीतास्थली कुरुक्षेत्र का गौरव पूरे विश्व के लिए अविस्मरणीय है। सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि 5 अगस्त को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का भूमि पूजन और शिलान्यास पूरे हिन्दू समाज के लिए गौरव के क्षण है, 500 साल बाद अयोध्या में श्रीराम के जन्मस्थल पर राम मंदिर का निर्माण होने जा रहा है। इससे बड़ी बात यह भी है कि गीता स्थली की मिट्टी और यहां के पवित्र सरोवरों का जल भी गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद अयोध्या लेकर जा रहे है। हरियाणा की तरफ से 40 कोस के तीर्थों की भूमि जहां भगवान श्रीकृष्ण ने पूरे विश्व को गीता के उपदेश दिए आज उसी भूमि की पवित्र मिट्टी और जल अयोध्या में अपनी महक बिखेरेंगे। उन्होंने लोकसभा क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि 5 अगस्त को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पूजन कार्यक्रम के दौरान सभी लोग अपने-अपने घरों में और जहां भी हो वहां ध्यान लगाकर श्रीराम का जाप भी करे। विधायक सुभाष सुधा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ पूरे देश वासियों को इन ऐतिहासिक क्षणों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम का प्रत्येक क्षण राष्ट्र ही नहीं पूरे विश्व के लिए यादगार होंगे। इस ऐतिहासिक दिन में भगवान श्रीराम के जन्मस्थल पर विशाल और भव्य मंदिर का निर्माण शुरु किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके हल्के थानेसर से ब्रहमसरोवर व सन्निहित सरोवर का जल और गीतास्थली ज्योतिसर की मिट्टी सहित अन्य पवित्र सरोवरों और नदियों का जल स्वयं गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद लेकर जा रहे है। यह सभी के लिए एक सौभाग्य की बात है। इस पवित्र दिन 5 अगस्त को सभी लोगों को इसे दिपावली त्यौहार की तरह मनाना चाहिए, सभी को अपने घरों में दीपक जलाने चाहिए और श्रीराम का नाम जपना चाहिए। उपायुक्त धीरेन्द्र खडगटा ने कहा कि प्रशासन और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से ब्रहमसरोवर, सन्निहित सरोवरों का जल और ज्योतिसर से मिट्टी स्वामी ज्ञानानंद के माध्यम से अयोध्या के लिए भेजी गई है। केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने सभी मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि 5 अगस्त का दिन सभी देशवासियों के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। इस मौके पर श्री ब्राहमण तीर्थोद्घार सभा के सरंक्षक जय नारायण शर्मा, के सदस्य उपेंद्र सिंघल, विजय नरुला, लेखाधिकारी लक्ष्मीनाथ सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?