न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरूक्षेत्र। भारतीय जीवन दर्शन में प्रत्येक दिवस का अपना महत्त्व है । इसी क्रम में आज विद्यालय में मां सरस्वती जी का अवतरण दिवस वसंत पंचमी तथा वीर हकीकत राय जी का बलिदान दिवस पूर्ण श्रद्धा भाव से मनाया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रावास में हवन तथा वैदिक मंगलाचरण के माध्यम से अत्यंत आध्यात्मिक भाव से किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के प्राचार्य श्री नारायण सिंह जी ने आज के कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि श्री चेतराम महामंत्री (ग्रामीण शिक्षा विकास समिति ) से सभी का परिचय करवाया । इस कार्यक्रम की श्रृंखला में वसंत ऋतु के आगमन से संबंधित गीतों ‘ मधुर तु आई फागुन की लेकर नई बहार तथा ‘आई रे आई ऋतुराज आई’ सामूहिक गीतों का प्रस्तुतीकरण खुशबू और ग्रुप तथा लव- कुश छत्रावास के बालकों के माध्यम से किया गया l बाल बलिदानी वीर हकीकत राय के बलिदान को याद करते हुए उनके जीवन पर आधारित कविता ‘ याद तुम कोई बलिदान कर लेना’ का वाचन आठवीं कक्षा की बहन लावण्य ने किया। प्राचार्य जी ने छात्रों को जीवन में करुणा,समर्पण तथा राष्ट्र धर्म सर्वोपरि का उपदेश दिया तथा मां सरस्वती जी से प्रेरणा प्राप्त करने को कहा । इसके बाद कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री चेतराम जी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन अत्यंत शुभ है l आपके द्वारा दिया गया यह सहयोग समाज में अभावग्रस्त जीवन जी रहे छात्रों को मुख्यधारा में लाने में सहायक होगा । कार्यक्रम के अंतिम पड़ाव में समर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत एकत्रित आठ लाख इक्यावन हज़ार(8,51,000) की राशि का चेक भी महामंत्री जी को अर्पित किया गया। डॉ अमूल्य वीर धवन( पूर्व छात्र) ने भी समर्पण कार्यक्रम में अपना योगदान दिया । इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य डॉ कृष्ण चंद रंगा उपस्थित रहे। शांति मंत्र तथा प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।