सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ दक्षिण क्षेत्र ने ओवरऑल ट्रॉफी प्राप्त की
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय अखिल भारतीय तीरंदाजी खेलकूद समारोह का भव्य समापन हुआ।
विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के संरक्षक श्री सुरेंद्र अत्री जी ने दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
वंदना के पश्चात् विद्यालय के प्राचार्य श्री नारायण सिंह जी ने सभी अतिथि महानुभावों का परिचय कराते हुए सभी अतिथियों का सत्कार किया। खेलकूद समारोह की संयोजिका श्रीमती बिंदु शर्मा ने समारोह का वृत्त प्रस्तुत करते हुए बताया कि संपूर्ण भारत के 10 क्षेत्रों से लगभग 300 खिलाड़ी भैया बहनों ने भाग लिया।
तत्पश्चात् कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री सुरेंद्र अत्री जी ने विद्या भारती की खेलों में भूमिका विषय पर विस्तार से अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया, उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के उदाहरण देते हुए समझाया की एकाग्रता के द्वारा कठिन से कठिन कार्य भी सरलता से किया जा सकता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री संपूर्ण सिंह जी ने कहा कि है प्रसन्नता का विषय है कि हरियाणा प्रांत में प्रथम बार राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिताएं हो रहीं हैं,विद्या भारती के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में विशेष भूमिका निभा रहे हैं,विद्या भारती छात्रों के पञ्च कोशीय विकास के लिए योजना पूर्वक कार्य करती है।
तत्पश्चात् प्रांत खेल प्रमुख श्री किशोर चौहान द्वारा परिणाम घोषणा की गई।
अंडर-14 भैयाओं की प्रतियोगिता में तमिलनाडु प्रांत से भैया संजीव श्री ने 545 अंकों के साथ प्रथम और भैया आकाश ने 509 अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया।वहीं अंडर-14 बहनों की प्रतियोगिता में तमिलनाडु प्रांत से बहन निशीथा ने 292 अंकों के साथ प्रथम स्थान और बहन श्री ने 35 अकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया ।
अंडर-17 भैयाओं की प्रतियोगिता में राजस्थान से दिशांत चौधरी 681 अंकों के साथ प्रथम स्थान और भैया विशाल 518 अंको के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
अंडर-19 भैयाओं की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश से भैया अभिषेक 529 अंकों के साथ प्रथम स्थान एवं हरियाणा से भैया मयंक सैनी 506 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे। अंडर-19 बहनों की प्रतियोगिता में तमिलनाडु प्रांत से बहन प्रवीना 608 अंकों के साथ प्रथम स्थान पर एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ख्याति यादव 575 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रही।
सभी प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दक्षिण क्षेत्र ने ओवरऑल ट्रॉफी प्राप्त की।
मंचासीन सभी अतिथि एवं अधिकारियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए उनका उत्साह वर्धन किया और सभी को शुभकामनाएं प्रदान की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए हिंदू शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष श्री चेतराम शर्मा जी ने कहा की हार-जीत जीवन का एक अभिन्न अंग है,जो खिलाड़ी कोई स्थान प्राप्त नहीं कर सके उनको अपने अभ्यास को बढ़ाते हुए एकाग्रता से लक्ष्य प्राप्त करना है, श्री चेतराम शर्मा जी ने सफल आयोजन के लिए गीता निकेतन आवासीय विद्यालय की प्रबंध समिति,आचार्यों एवं सभी कर्मचारियों के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक श्री पवन गुप्ता जी,उत्तर क्षेत्र खेल अधिकारी श्री मलखान सिंह जी ,श्री सुभाष बंसल जी,श्री सतपाल शर्मा जी, श्रीमती किरण जी इत्यादि गणमान्य जन उपस्थित रहे। वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।