एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। नगर निगम व जीएनजी कॉलेज के सहयोग से एक सोच नई सोच संस्था द्वारा निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में स्वच्छता रैली निकाली गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के अवसर पर निकाली गई रैली में कॉलेज की छात्राओं ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इससे पूर्व संस्था द्वारा कॉलेज में तीन दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बुधवार को कार्यक्रम का रैली निकालकर समापन किया गया। संस्था के संस्थापक शशी गुप्ता ने बताया पहले दो दिन विद्यार्थियों ने डोर टू डोर जाकर लोगों को अपने आसपास की सफाई रखने के लिए प्रेरित किया। अंतिम दिन जीएनजी कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. वीरेंद्र गांधी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली जीएनजी कॉलेज से शुरू होकर शहीद भगत सिंह चौक और रेलवे रोड से होते हुए जीएनजी कॉलेज पर आकर संपन्न हुई। रैली में एनएसएस के विद्यार्थियों ने व्यवहार में बदलाव की करो तैयारी स्वच्छता है हम सभी की जिम्मेदारी, खुले में कचरा न गिराए स्वच्छता अपनाए, केमिकल युक्त मूर्तियां और पूजा सामग्री यमुना नदी में प्रवाहित न करें, सड़कों पर गाड़ियों को न धोए, पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक का न करे प्रयोग और शहर को साफ और सुंदर बनाने में दे सहयोग आदि स्लोगन से शहरवासियों को जागरूक किया। मौके पर डॉ शर्मिला पुनिया, डॉ रविन्द्र कौर, संदीप कौर, जसलीन, कनुप्रिया, नीलम, महक, शीतल, अंजू, खुशी और सुदीक्षा का विशेष सहयोग रहा।