प्रेरणा वृद्धाश्रम में बच्चों के साथ डा. जय भगवान सिंगला ने किया पौधारोपण
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र । घरों से निकाले गए एवं अपनों द्वारा ठुकराए गए बुजुर्गों को आश्रय दे रहे प्रेरणा वृद्धाश्रम के संस्थापक एवं संचालक डा. जय भगवान के पुत्र आदित्य सिंगला भी अब व्यवसाय के साथ समाज सेवा के कार्यों में अपने पिता का अनुसरण कर रहे हैं। आजकल प्रेरणा वृद्धाश्रम में सावन महीने का पूजन चल रहा है तो सावन पूजन में भी बुधवार को आदित्य सिंगला शामिल हुए। इस मौके पर आदित्य सिंगला ने भी पिता डा. जय भगवान सिंगला की प्रेरणा से वृद्धाश्रम परिसर में चार फलदार पौधे माता पिता के नाम से लगाए। इस अवसर को विशेष बनाने के लिए डा. सिंगला की दोनों बेटियां भी अपने बच्चों के साथ पहुंची तथा अपने माता-पिता को पौधे लगाते हुए देखा तो उत्साहित हुई। ऐसे में छोटे बच्चे भी पौधारोपण करने में पीछे नहीं रहे। डा. जय भगवान सिंगला ने कहा कि सावन महीने में पौधारोपण करना भी शिव पूजा है। भगवान शिव को रुद्राक्ष प्रिय है। इस मौके पर डा. सिंगला ने सभी बच्चों को एकत्रित करके पौधारोपण का महत्व बताया कि पर्यावरण को बचाना अत्यंत आवश्यक है। अपने भविष्य की सुरक्षा के लिए हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए ताकि हमारे आने वाली संतानों को स्वच्छ हवा मिल सके। वरना सबको अपने साथ ऑक्सीजन का सिलेंडर बांधे रखना पड़ेगा। इस अवसर पर आदित्य सिंगला एवं शिल्पा ने कहा कि हम अपने बुजुर्गों की बात का सदा ध्यान रखेंगे और अपने जीवन में अधिक से अधिक पेड़ लगाएंगे। प्रतिवर्ष कम से कम पांच पेड़ तो अवश्य लगाएंगे। इस अवसर पर डा. सिंगला की दोनों बेटियों दीपिका गुप्ता एवं दिव्या मित्तल ने कहा कि हम अपने बच्चों को इसलिए साथ लेकर आए हैं ताकि वे भी पर्यावरण के बारे में सदा अपने जीवन में जागरूक रहें और अधिक से अधिक पौधे लगाकर धरती मां के प्रांगण को अधिक से अधिक सुंदर और स्वच्छ बनाने का प्रण लेकर जाएं। इस अवसर पर अर्णव गुप्ता, अनय गुप्ता, राहिल मित्तल, रिनिया मित्तल, आराध्या सिंगला, आशी सिंगला, आशा सिंगला इत्यादि भी मौजूद रहे।