वृक्ष लगाओ, भविष्य बचाओ अभियान के तहत जिंदल पार्क में हुआ पौधारोपण कार्यक्रम
मुख्य अतिथि मेयर सुमन बहमनी ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। “वृक्ष लगाओ, भविष्य बचाओ” अभियान के अंतर्गत शनिवार को शहर जिंदल पार्क में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम मेयर सुमन बहमनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मेयर ने स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना संकल्प दोहराया और आमजन को अधिकाधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। इस अभियान का आयोजन मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा श्री हंस ज्योति मंदिर जगाधरी के तत्वावधान में किया गया। समिति के प्रभारी सतपाल महाराज के नेतृत्व में यह अभियान 5 से 20 जुलाई तक जिले भर में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों व युवाओं ने भाग लिया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पार्षद मनु सिंगला, भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला ने भी भाग लेकर पौधारोपण किया और अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
पौधरोपण के बाद मेयर सुमन बहमनी ने कहा, “वृक्ष केवल ऑक्सीजन नहीं देते, बल्कि जीवन का आधार हैं। हमें आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण देना है, इसके लिए पौधारोपण एक महत्वपूर्ण कड़ी है। हमें अपने जीवन में हर जन्मदिन, शादी की सालगिरह व अन्य मुख्य दिवसों पर पौधा रोपण करना चाहिए। साथ ही लोगों को भी अधिक से अधिक पौधे रोपित करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। मेयर ने कार्यक्रम के आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे जन जागरण कार्यक्रमों से समाज में पर्यावरण के प्रति चेतना जाग्रत होती है।