Home Ambala News वर्तमान भाजपा सरकार के 11 साल का कार्यकाल स्वर्णिम समय रहा – ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज

वर्तमान भाजपा सरकार के 11 साल का कार्यकाल स्वर्णिम समय रहा – ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज

by ND HINDUSTAN
0 comment

सरकार ने 11 सालों में अनेकों योजनाएं शुरू की गई, लोगों को मिली सुविधाएं- अनिल विज

वर्तमान सरकार ने लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए तकनीक का लिया सहारा, आमजन को त्वरित मिली सुविधाएं- विज

वर्तमान राज्य सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष बेमिसाल रहा – विज

इस एक साल में कई विकास के कार्य हुए, तरक्की का पहिया तेजी से चला – विज

एनडी हिन्दुस्तान

अम्बाला
। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि वर्तमान भारतीय जनता पार्टी की सरकार के 11 साल का कार्यकाल स्वर्णिम समय रहा है और इस अवधि में अनेकों योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए तकनीक का महत्वपूर्ण योगदान होता है और हमारी सरकार तकनीक का पूरी से उपयोग कर रही है ताकि आमजन को सुविधाएं तेजी से मुहैया कराई जा सके और लोगों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पडें।
विज आज अम्बाला छावनी सनातम धर्म कालेज में जिला स्तर पर आयोजित जन विश्वास-जन विकास कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे और यह अभिव्यक्ति उन्होंने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।
विज ने कहा कि हमारी वर्तमान भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष बेमिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि इस एक साल में कई विकास के कार्य हुए हैं और तरक्की का पहिया तेजी से चला है। तीसरी बार प्रदेश में भाजपा सरकार बनी है और इन 11 सालों को कहा जाए तो यह हरियाणा का स्वर्णिम समय है और इस अवधि में अनेकों योजनाएं शुरू की गई। विज ने कहा कि पहले पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि यदि हम एक रुपया भेजते है तो 85 पैसे सिस्टम खा जाता है और लाभपात्र तक केवल 15 पैसे पहुंचते हैं। मगर हमारी भाजपा सरकार ने तकनीक का सहारा लेकर विभिन्न योजनाओं के सारे पैसे सीधे लाभपात्रों के खातों में पूरे पहुंचते हैं।
हमारी डबल इंजन की सरकार कई गुणा तेजी से चल रही – विज
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आज मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 का शुभारंभ किया जा रहा है। इस योजना के तहत जिनके पास घर नहीं है और जिन्होंने किसी भी किसी अन्य योजना के तहत घर नहीं ले रखे, उन्हें 50 वर्गगज या 100 वर्गगज के प्लाट दिए जाएंगे, जिनकी पारिवारिक आय 1.80 लाख से कम है। इसी प्रकार, पंचायती राज संस्थाओं व नगर परिषदों को भी उनके हिस्से के अनुसार विकास कार्यों के लिए 700 करोड़ रुपए की राशि मुख्यमंत्री द्वारा दी जाएगी ताकि विकास कार्य किए जा सकें। श्री विज ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार काम करने में लगे है और हमारी डबल इंजन की सरकार है। जनता एक वोट डालती है लेकिन जनता को दो सरकार मिलती है, एक प्रदेश और दूसरी केंद्र में मोदी जी की सरकार मिलती है और हमारी डबल इंजन की सरकार कई गुणा तेजी से चल रही है ताकि विकास कार्य हो सकें।
प्रधानमंत्री मोदी जी ने स्वच्छता अभियान चलाकर देश को नया रूप देने का काम किया- विज

विज ने कहा कि आजादी के बाद अंग्रेज यहां से चले गए, मगर अंग्रेजों की जो शासन पद्धति थी वहीं चलती रही क्योंकि हम अभाव में जीते थे, अस्पताल-कालेजों के लिए तरसते रहे, पीने के पानी के लिए तरसते रहे, नागरिक सीवरेज-स्ट्रीट लाइट के लिए तरसते रहे। मगर जब मोदी जी प्रधानमंत्री बने और उन्होंने सारी आवश्यकताएं पूरा करने का कार्य शुरू किया और लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री जी ने स्वच्छता की बात कही। यदि हमारे पहले प्रधानमंत्री यह सोचते तो आज भारत भी अमेरिका या इंग्लैंड की तरह होता। लोग बैंक की दहलीज तक नहीं जा सकते थे, लेकिन मोदी जी ने गरीबों के लिए जनधन योजना की शुरूआत की। उज्जवला योजना लागू करके गरीब लोगों की रसोई में गैस सिलेंडर दिए गए। आयुषमान भारत योजना एक मिसाल योजना है जिसके माध्यम से हर पात्र परिवार को पांच लाख रुपए तक का मुफ्त ईलाज कराने की व्यवस्था की गई है। पहले घर में कोई बड़ी बीमारी आ जाती थी तो परिवार के लोग सहम जाते थे, मगर आज उसे पता है कि पांच लाख रुपए तक का ईलाज सरकार ने कराने की जिम्मेदारी ली है।
मोदी जी ने हिन्दूस्तान को बदला लेने वाला हिंदुस्तान बनाया, देशवासी गौरन्वित- विज
विज ने कहा कि हमारे पड़ोस में पाकिस्तान है जो हमारे से ही अलग होकर बना है। हमारे कुछ नेताओं ने हिंदुस्तान के टुकड़े कर दिए जबकि आजादी की लड़ाई में ऐसी कभी भी बात नहीं थी, जिन्होंने कुर्बानियां दी उन्होंने टूटते हुए भारत के लिए नहीं दी थी और भगत सिंह, राजगुरू, सुखदेव ने अखंड भारत के लिए कुर्बानी दी। नेताजी सुभाष बोस ने आजाद हिंद फौज बनाई और अंग्रेज सरकार के साथ सशस्त्र लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि क्या शहीदों ने हिंदुस्तान के बंटवारे के लिए कुर्बानियां दी। मगर उस समय सत्ता के लालची कुछ नेताओं ने हिंदुस्तान के टुकड़े धर्म के आधार पर करवा दिए। हिंदु हिंदुस्तान में और मुसलमान पाकिस्तान में रहेंगे यह निर्णय कर दिया गया, जिससे हजारों लोग बेघर हुए। आज वहीं पाकिस्तान जो हमारे से अलग होकर बना है वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा। अनेकों वर्षों से उग्रवाद चल रहा है और बेकसूर लोगों को मारकर वह चले जाते थे। पहले हम मारे गए लोगों को श्रद्धांजलियां देकर अपने घर चले जाते थे, मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा नहीं किया और दुस्साहस करने वाले पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों के ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की। मोदी जी ने हिंदुस्तान को बदला लेने वाला हिंदुस्तान बनाया इससे हर व्यक्ति को गर्व महसूस होता है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान दोबारा दुस्साहस नहीं करेगा- विज
इसी प्रकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त किया, जबकि पहले पूर्व सरकारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और कश्मीर में कत्लेआम होते रहे। लेकिन आज मगर मोदी जी के ऐतिहासिक निर्णयों के चलते आज कश्मीर भी ऐसे है जैसे हमारा हरियाणा-पंजाब है तथा कश्मीर के लोगों के अधिकार भी हमारे जैसे ही हैं। राम मंदिर निर्माण के लिए दशकों से संघर्ष हो रहा था, कई आंदोलन हुए, दो बार आंदोलनों में वह भी गए। परंतु प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की कुशलता के चलते आज राम मंदिर बनकर तैयार है तथा राम मंदिर में एक साल में 20 करोड़ लोगों ने दर्शन किए हैं। प्रधानमंत्री जी ने तीन तलाक को भी खत्म किया। पाकिस्तान ने पहलगाम में जो दुस्साहस किया उसके बाद आप्रेशन सिंदूर में ऐसा सबक सिखाया गया कि दोबारा वह उठने की कोशिश नहीं करेगा। यदि उसने दोबारा उठने की कोशिश की तो उसे इतनी मार पड़ेगी कि पाकिस्तान दोबारा से इस प्रकार का दुस्साहस नहीं करेगा। ऐसा इसलिए मुमकिन हो रहा है कि प्रदेश व देश में आज भाजपा की सरकारें है।
हरियाणा पहला ऐसा राज्य, जहां पर 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही- विज
विज ने बताया कि हरियाणा में भी उच्च शिक्षा व कृषि को सशक्त बनाने के लिए जिला करनाल में 700 करोड़ रुपए की लागत से महाराणा प्रताप बागवानी विश्व विद्यालय का शिलान्यास किया गया है। हरियाणा पहला ऐसा राज्य है जहां पर 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है और किसानों को 2 हजार रुपए प्रति एकड़ बोनस भी दिया जा रहा है। साथ ही किसानों को फसल का भुगतान 48 घंटे में किया जा रहा है जिसके लिए ई एप्लीकेशन बनाई गई है। हरियाणा कृषि भूमि विधेयक-2024 पारित करके पट्टेदार किसानों और भूमि मालिकों के बीच विश्वास बहाली का काम किया। नकली खाद, बीज व कीटनाशक बनाने व बेचने वालों को 5 साल की सजा का प्रावधान किया गया है। सरकारी नियुक्तियों में योग्यता के आधार पर 33949 युवाओं को सरकारी नौकरी देना तथा 17 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया में होना जारी है, एचकेआरएन बनाकर सेवा सुरक्षा प्रदान की गई है जिन्हें भविष्य का डर रहता था अब उनका भविष्य सुरक्षित किया गया है।
हमारी सरकार की नीति है कि युवा सकारात्मकता से आगे बढ़े – विज
इसी तरह, उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 68 करोड रूपए की लागत से 337 इंडौर स्टेडियम बनाए गए। हमारी नीति है कि युवा सकारात्मकता से आगे बढ़े। जब वह खेल मंत्री थे तब ओलंपिक में स्वर्ण पदक लाने वाले को छह करोड़ रुपए उन्होंने देना तय किया था। इसके अलावा, मेजर ध्यानचंद खेल रतन अवार्ड, द्रोणाचार्य आवार्ड व अन्य अवार्ड दिए जाना शामिल है। शहीद सैनिकों के परिवारों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है व दिव्यांग युवाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए 5 लाख रूपए का ऋण बिना गारंटी के उपलब्ध कराया जाता है। इसी तरह, 20 वर्ष से अधिक समय पंचायती भूमि पर रहने वाले लोगों को मालिकाना हक उपलब्ध करवाना, शहरो में भी स्वामित्व योजना के तहत दुकान मालिकों को मालिकाना हक दिलवाना इत्यादि योजनाएं शामिल है।
प्रदेश में लगभग 1.50 लाख लोगों के घरों पर सौलर सिस्टम लगाए जाने का लक्ष्य- विज
ऊर्जा मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत प्रदेश में लगभग 1.50 लाख लोगों के घरों पर सौलर सिस्टम लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है, इसके तहत अभी तक 37825 सौलर लगाने का काम किया गया है। इस योजना के तहत जिस व्यक्ति की आय 1.80 लाख है उसे 2 किलोवाट तक का सौलर लगाने पर एक लाख 10 हजार रुपए सबसीडी प्रदान की जा रही है। इस योजना से लोगों की बिजली का बिल शून्य हो जाएगा। उन्होने यह भी कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है उसे पूरा करती है। लाडो लक्ष्मी योजना को लॉंच किया गया है और इस योजना के तहत प्रदेश में पांच लाख 30 हजार महिलाओ ने पंजीकरण कराया है। इस योजना के तहत पात्र महिला लाभार्थियों को 2100 रूपए की राशि जल्द उनके खाते में स्थानांतरित करने का काम किया जाएगा।
ऐसे ही, नमो ड्रोन योजना के तहत महिलाओं को ड्रोन प्रशिक्षण व मुफ्त ड्रोन दिए गए। आज ड्रोन का महत्व है और इसके लिए ड्रोन दीदी योजना चलाई गई। फरीदाबाद में 625 करोड़ की लागत से ईएसआईसी अस्पताल बनाकर दिया है। किडनी मरीज को मुफ्त डायलिसिस सेवाएं दी जा रही है। हमने हिसार में हवाई अड्डा बनाया और अम्बाला छावनी में हवाई अड्डा बनकर तैयार है। अम्बाला छावनी में लगभग 600 करोड़ रुपए की लागत से 1857 में आजादी की पहली लड़ाई का शहीदी स्मारक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा यह पढ़ाया कि आजादी की लड़ाई उन्होंने लड़ी, मगर कांग्रेस का जन्म 1885 में हुआ था और अंग्रेज एओ ह्यूम ने कांग्रेस पार्टी बनाई थी। कांग्रेस के जन्म से 28 साल पहले आजादी की लड़ाई लडी गई जिसे कभी बताया नहीं गया। यह लड़ाई अम्बाला छावनी से शुरू हुई थी।
अंबाला छावनी में विकास की योजनाओं के क्रियान्वयन से बहुत विकास हुआ – विज
उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित करते हुए विज ने कहा कि मैं आपको बताना चाहता हूं कि केंद्र की विकास की योजनाएं और प्रदेश की विकास की योजनाओं के साथ-साथ शहर में भी बहुत विकास हुआ है। अनेकों योजनाएं यहां शुरू की गई है। पहले यहां केवल पत्थर लगाए जाते थे, मुख्यमंत्री आता था पत्थर लगाकर चला जाता था। हमने अनाज मंडी बनाकर दी, अंबाला छावनी में साईंस म्यूजियम बनाया जा रहा है जिसके आज टेंडर हो रहे हैं। छावनी अब टूरिस्ट शहर बन गया है। यहां लघु सचिवालय का निर्माण किया गया और आज 30 सरकारी दफ्तर एक ही छत के नीचे काम कर रहे हैं।
विज ने कहा कि पहले अम्बाला छावनी की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा था मगर भाजपा सरकार के समय में इतने विकास कार्य यहां हुए हैं। हमने बैंक स्क्वेयर-कम-शॉपिंग माल बनाया ताकि बाजार सहित सभी बैंक एक छत के नीचे आ जाए। हमने शहर के सबसे गंदे स्थान पर सुभाष पार्क बनाया जिसे देखने के लिए आज दूर-दूर से लोग आ रहे हैं। हम अंतरराष्ट्रीय स्तर का फीफा एप्रूव्ड फुटबॉल स्टेडियम बना रहे हैं। हमने ऑल वेदर स्वीमिंग पूल, जिम्नास्टिक हॉल, बैडमिंटन हॉल बनाकर दिया। बाजार में मल्टीलेवल कार पार्किंग बनाई जिसमें लिफ्ट भी लगाई जा रही है। इसमें इलेक्ट्रानिक सिस्टम लगाया जा रहा है जिससे पता चल जाएगा कि कहां पर जगह खाली है। हम अम्बाला को सुविधाओं से सुस्ज्जित कर रहे हैं। हमने टांगरी नदी पर बांध बनाकर दिया व उस पर सडक़ बनाई। इसी महीने के अंदर वह सडक़ जीटी रोड से जुड जाएगी और बांध वाली रोड से सडक़ जुड़ जाएगा।
विकास कार्यों के होने से अंबाला छावनी का स्वरूप बदला – विज
विज ने कहा कि इन विकास कार्यों को जनता के सामने रख जा रहा है ताकि लोगों को विश्वास हो कि हमने सारे हरियाणा में काम किया। आज अम्बाला छावनी में बाहर से कई सालों बाद आए तो वह विकास कार्य देख भ्रमित हो जाता है कि कहीं वो दूसरे शहर में तो नहीं आ गया। हमने अम्बाला शहर व अम्बाला छावनी के मध्य लोकल बस सेवा 30 वर्षों बाद पुन: शुरू कराई। आज 20 बसें लोकल रुट पर चल रही हैं। अब बसों के आधुनिक बस क्यू शेल्टर बनने शुरू हो गए हैं। इसी प्रकार, अम्बाला-साहा रोड बना कर दी गई और अब अम्बाला के चारों ओर रिंग रोड बनाई जा रही है जिससे ट्रेफिक समस्या से निजात मिलेगी। अम्बाला से शामली व अम्बाला से कालाअम्ब रोड बनाई जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी देश को विकसित राष्ट्र बनाने की ओर अग्रसर- विज
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उनके द्वारा जितने भी काम बताए जा रहे हैं इससे पहले एक प्रतिशत काम पूर्व सरकारों के समय अम्बाला में नहीं हुए, यह भाजपा सरकार के काम है। आज प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत बनाना चाहते हैं जबकि हमारे से पहले जो देश आजाद हुए, वह भी विकसित हो गए, मगर हम अभी भी विकासशील है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी देश को विकसित राष्ट्र बनाने की ओर अग्रसर है। अभी जीएसटी को भी कम किया गया है ताकि लोग ज्यादा खरीदारी कर सकें। मांग बढ़ेगी तो उन्हें पूरा करने के लिए और कारखाने लगेंगे जिससे रोजगार बढ़ेगा।
इस मौके पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर, सीईओ जिला परिषद गगनदीप, एसडीएम विनेश कुमार,नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, डीएसपी रमेश कुमार, ईओ देवेन्द्र नरवाल, नगर पालिका अध्यक्ष स्वर्णजीत कौर, उपाध्यक्ष ललिता प्रसाद, भाजपा पदाधिकारी विकास बहगल, विपिन खन्ना, बलित नागपाल, प्रवेश शर्मा, मदन लाल शर्मा, श्याम सुंदर अरोडा, दीपक भसीन, आरती सहगल के साथ-साथ भाजपा के अन्य पदाधिकारीगण व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?