19 लाख रुपये से होगा नेहरू पार्क के योगा हाल का नवीनीकरण, मेयर व विधायक ने किया शिलान्यास
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। शहर के मॉडल टाउन स्थित नेहरू पार्क में बने योगा हाल का नगर निगम द्वारा 19 लाख रुपये की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा। योगा हाल का नवीनीकरण होने से यहां योग करने वाले नागरिक शुद्ध व स्वच्छ वातावरण में योगा व व्यायाम कर सकेंगे। यह योगा हाल नागरिकों में स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देगा। सोमवार को मेयर सुमन बहमनी ने विधायक घनश्याम दास अरोड़ा के साथ पार्षद विभोर पाहुजा की मौजूदगी में योगा हाल के नवीनीकरण के कार्य का शिलान्यास किया।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। नगर के विकास की हर पहल जनता को समर्पित है। वार्ड नंबर आठ के नेहरू पार्क में बने योगा हाल का नवीनीकरण शहरवासियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि शहरवासियों को योग, व्यायाम व सैर करने के लिए अच्छा वातावरण मिले। ताकि सभी शारीरिक रूप से स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि हर वार्ड की हर नियमित कॉलोनी में विकास कार्य करवाए जा रहे है। हाल ही में पांच करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्याें के टेंडर जारी किए गए है। जिनमें विभिन्न वार्डाें में नई गलियों, सड़कों, नालियों, शौचालयों समेत अन्य विकास कार्याें का निर्माण किया जाएगा। पार्काें का सौंदर्यीकरण, विभिन्न भवनों का नवीनीकरण किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र के हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं देने का कार्य किया जा रहा है। विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा तेजी से आगे बढ़ रहा है और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बिना भेदभाव के कार्य हो रहे हैं। यह सरकार पूरी तरह जनता की सेवा के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ इसकी स्वच्छता के लिए भी नगर निगम कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव और शहर में मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ हों। इसी दिशा में यह नवनिर्माण कार्य स्थानीय निवासियों के लिए राहत और सुविधा लेकर आएंगे। मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमन सग्गड़, मंडल महामंत्री संदीप बजाज, कपिल दुआ, भंवर जोत धामी, अभिषेक माणिकटाला, नरेंद्र चुग, जय प्रकाश आदि मौजूद रहें।