असंध शुगर मिल के 18वें पिराई सत्र की शुरुआत, कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने वीसी के माध्यम से किया शुभारंभ
एनडी हिन्दुस्तान
असंध/करनाल। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविन्द कुमार शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे सहकारिता क्षेत्र से जुड़ा प्रत्येक हरियाणवी मिलकर पूरा करेगा। आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में सहकारिता विभाग और शुगर फेडरेशन हरियाणा द्वारा किसान हित में गंभीरता से काम किया जा रहा है। हरियाणा में गन्ना किसानों को अगेती किस्म का भाव 415 रुपए प्रति क्विंटल और पछेती किस्म का भाव 408 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसान की हर फसल का भुगतान समय पर करना सुनिश्चित किया गया है। बीते पिराई सीजन का प्रदेश के किसान भाइयों को 1211 करोड़ रुपए फसल का भुगतान किया गया है जिसमें असंध के किसानों को 68 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ है।
हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविन्द कुमार शर्मा सोमवार को असंध शुगर मिल के 18वें पिराई सत्र 2025-26 के शुभारंभ कार्यक्रम को वीसी के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आसपास के इलाके लिए हैफेड चीनी मिल असंध महज एक औद्योगिक इकाई नहीं है। यह इस क्षेत्र की धडक़न, किसानों की आशा और हजारों परिवारों की आजीविका का आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को पूरा करने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देश में 150 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को लेबर और गन्ने की छिलाई को लेकर आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को सब्सिडी पर हार्वेस्टिंग मशीनें उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त खेतों में पानी की बचत के लिए अगर कोई किसान ड्रिप सिंचाई या फव्वारा विधि लगवाता है, तो किसान को केवल 5 प्रतिशत राशि प्रति एकड़ ब्याज मुक्त ऋण पर खर्च करनी है, जबकि बाकी 95 प्रतिशत खर्च हैफेड चीनी मिल व हरियाणा सरकार द्वारा वहन किया जाएगा, जिसका खर्च तकरीबन 60 हजार रूपए प्रति एकड़ है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों से आह्वान करते हुए कहा कि सभी मिलकर काम करें और पुराने गन्ना किसानों को अपने साथ जोड़ें और सबसे ज्यादा गन्ना बिजाई करने वाले किसानों को ब्रांड एंबेसडर घोषित करने पर कार्य करें।
असंध क्षेत्र में लगातार बढ़ रहा गन्ने का रकबा- विधायक योगेंद्र राणा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक योगेंद्र राणा ने कहा कि शुगर मिल का देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान होता है। असंध शुगर मिल का पिछला कोई भुगतान बकाया नहीं है। यहां किसानों को सभी सुविधाएं उपलब्ध की जा रही है। असंध क्षेत्र में गन्ने का रकबा लगातार बढ़ता जा रहा है। किसानों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए मिल द्वारा गन्ना विकास योजना तैयार की गई है जिसमे 2.09 करोड़ रुपए ब्याज मुक्त ऋण और 38.13 लाख रुपए अनुदान राशि देने का प्रस्ताव है। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को गन्ने की कीमत का भुगतान अति शीघ्र सीधा किसान के खाते में किया जाता है।
इस दौरान हैफेड प्रबंध निदेशक मुकुल कुमार ने बताया कि हैफेड चीनी मिल असंध द्वारा सबसे पहले 72 घंटों में गन्ने की पेमेंट का भुगतान किया जा रहा है। चीनी मिल में अधिक पारदर्शिता लाने के लिये तौल कांटों को स्वचालित किया गया है। ट्रैक्टर ट्रालियों का रिकॉर्ड बनाए रखने के लिए और कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए सी.सी.टी.वी. कैमरे भी लगे हुऐ हैं। गन्ना किसानों की सुविधा के लिये उन्हें गन्ना किसान मोबाइल ऐप प्रदान की गई है, जिसमे किसान अपने मोबाइल पर गन्ने संबंधित रिकॉर्ड चेक कर सकते है व किसानों को मोबाइल संदेश द्वारा भी उनकी गन्ना सर्वे, गन्ना पेमेन्ट व पर्ची ब्यौरा भेजा जाता है।
किसानों को किया गया सम्मानित।
असंध शुगर मिल द्वारा इस सत्र में सबसे पहले गन्ना लेकर आने वाले किसानों विकास दुहन पुत्र राजपाल गांव फफड़ाना, जसमेर पुत्र वेद प्रकाश गांव फफड़ाना को पुरस्कृत किया गया। इसी प्रकार सबसे ज्यादा गन्ना क्षेत्र बिजाई के लिए धर्मबीर सिंह पुत्र लहरी गांव आदियाना और जैविक विधि से गन्ना बिजाई करने पर बिजेंद्र पुत्र धर्मपाल गांव सालवन को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचने पर हैफेड प्रबंध निदेशक मुकुल कुमार ने असंध विधायक योगेंद्र राणा को और महाप्रबंधक सिद्धार्थ दहिया ने प्रबंध निदेशक मुकुल कुमार को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर असंध नगरपालिका चेयरपर्सन सुनीता रानी, शुगर मिल डीजीएम राकेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष हिमांशु छाबड़ा, अमित राणा, बृजलाल टक्कर, अमरजीत सिंह सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।