मीडिया संस्थान के विद्यार्थियों ने अपनी कला से जीता शिक्षा मंत्री का दिल, भेंट किए हस्तनिर्मित पोट्रेट
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने संस्थान के अटल संचार भवन का भव्य उद्घाटन किया। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित यह भवन आने वाले समय में देश के लिए संस्कारवान और प्रखर पत्रकार तैयार करने का केंद्र बनेगा। इस गरिमामयी समारोह का सबसे विशेष आकर्षण विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा रही। मीडिया संस्थान के प्रतिभावान छात्रों ने अपनी तूलिका (ब्रश) और रंगों के जादू से मुख्य अतिथि महीपाल ढांडा और स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह-संगठक सतीश के अत्यंत सुंदर और जीवंत पोट्रेट (चित्र) तैयार किए।शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह-संगठक सतीश सतीश ने अपने-अपने चित्रों को देखकर छात्रों की कला की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार के अंदर ऐसी संवेदनशीलता और कलात्मक दृष्टि का होना आवश्यक है, जो बिना बोले ही बहुत कुछ कह दे। शिक्षा मंत्री ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छात्र केवल समाचार लिखना ही न सीखें, बल्कि ऐसी रचनात्मकता और सत्यता के साथ अपनी बात रखें जो समाज को नई दिशा दे। अतिथियों ने छात्रों के इस कौशल की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे ही प्रतिभाशाली युवाओं से देश का भविष्य उज्ज्वल है।