एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल व यूथ रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में आर्टिजन एंटरप्रेन्योर सृजन से व्यावसायीकरण तक विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को रचनात्मकता से व्यावसायिक सफलता तक की यात्रा के बारे में जागरूक करना तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. सुरिंद्र कौर, आईआईसी कन्वीनर विवेक व यूथ रेडक्रास सेल कनवीनर रितिका भोला ने संयुक्त रूप से की। डॉ निताश बजाज, डॉ अमनप्रीत कौर व ममता थापर ने कार्यक्रम को-ओडिनेटर की भूमिका अदा की।कार्यशाला में वन’स क्रिएशन्स की संस्थापक मनजीत तथा स्किन रिचुअल्स बाय आशी की संस्थापक आशमीत मुख्य वक्ता रहीं। उन्होंने बताया कि किस प्रकार एक विचार को सही योजना, नवाचार और दृढ़ संकल्प के साथ सफल व्यवसाय में परिवर्तित किया जा सकता है। उन्होंने ब्रांडिंग, विपणन, गुणवत्ता बनाए रखने तथा ग्राहकों का विश्वास अर्जित करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।दोनों वक्ताओं ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने हुनर को पहचानने और उसे उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी समझाया कि चुनौतियाँ किसी भी स्टार्टअप का अभिन्न हिस्सा होती हैं, लेकिन निरंतर प्रयास, धैर्य और सकारात्मक सोच से सफलता प्राप्त की जा सकती है।डॉ. सुरिंद्र कौर ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ छात्राओं को आत्मविश्वासी और सशक्त बनाती हैं तथा उन्हें नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहना चाहिए, जिससे छात्राओं को व्यावहारिक ज्ञान और मार्गदर्शन मिलता रहे।