15 अगस्त से शुरु किया जाएगा नशा मुक्ति अभियान
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 14 अगस्त। उपायुक्त धीरेन्द्र खडगटा ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा देश को नशा मुक्त करने के लिए नशा मुक्ति भारत अभियान को चलाने का निर्णय लिया है और इसके तहत देश के 272 जिलों का चयन किया गया है। इस अभियान के तहत हरियाणा के 10 जिलों को चिन्हित किया गया है, इन जिलों में कुरुक्षेत्र जिला को भी चयनित करके केंद्र सरकार ने जिले के लोगों को नई सौगात देने का काम किया है। उपायुक्त धीरेन्द्र खडगटा ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में बातचीत करते हुए कहा कि भारत सरकार द्वारा देश से नशे को खत्म करने और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा एक नई सौगात देने का काम किया गया है। इस सौगात के तहत 15 अगस्त 2020 से इस अभियान की शुरुआत की जाएगी और 15 अगस्त से लेकर 31 मार्च 2021 तक नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन को जागरुक किया जाएगा। इस अभियान के लिए भारत सरकार द्वारा दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए है। इस अभियान को लेकर जारी दिशा-निर्देशानुसार एक जिला स्तरीय समिति का भी गठन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस अभियान सफल बनाने के लिए 50 मास्टर वालेंटियर की भी पहचान की जाएगी। यह मास्टर वालेंटियर जिला रैडक्रास सोसाईटी व नेहरु युवा केन्द्र के माध्यम से लिए जाएंगे। इन मास्टर वालेंटियर को भारत सरकार से एनआईसीडी विभाग द्वारा आनलाईन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जिला व खंड स्तर पर कर्मचारियों, स्कूल व महाविद्यालयों के प्रधानचार्यों के माध्यम से अधिक से अधिक जागरुकता फैलाने का काम किया जाएगा। इसके साथ-साथ स्कूल व कालेज स्तर पर क्लबों का गठन करते हुए व्यापक जागरुकता व नशे के दुष्प्रभावों बारे जानकारी दी जाएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए वेबिनार आदि के माध्ये से भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नशे से प्रभावित क्षेत्र में प्रशिक्षित विशेषज्ञों से लैक्चर आदि भी दिलवाएं जाएंगे। इस अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रमों के लिए एक रोड़ मैप भी तैयार किया गया है, जिसके तहत नशा मुक्ति भारत अभियान की शुरुआत 15 अगस्त 2020 से की जा रही है। इसके तहत 15 अगस्त 2020 से लेकर 30 अगस्त 2020 तक मीडिया अभियान के तहत समाचार पत्रों, इलेक्ट्रोनिक्स चैनलों, केबल, रेडिया, व सोशल मीडिया के तहत इस अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त से 15 सितम्बर तक सभी सदस्यों व संस्थाओं के मुखिया के साथ जागरुकता कार्यक्रम, बातचीत व विचार विमर्श किया जाएगा। इस अभियान के तहत 16 सितम्बर से लेकर 30 सितम्बर 2020 तक सभी सदस्यों के साथ मिलकर मास्टर वालेंटियर व क्लब लिडर की पहचान की जाएगी, 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2020 तक मास्टर वालेंटियर व क्लब लीडर को एनआईएसडी के माध्यम से प्रशिक्षण देने का काम किया जाएगा और 1 नवम्बर से 31 मार्च 2021 तक कोर कमेटी व सभी सदस्यों के साथ अभियान की समीक्षा का कार्य किया जाएगा।