Home Karnal news पर्यावरण संरक्षण के लिए जन भागीदारी आवश्यक, ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाना हर व्यक्ति का कर्तव्य: विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण

पर्यावरण संरक्षण के लिए जन भागीदारी आवश्यक, ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाना हर व्यक्ति का कर्तव्य: विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण

by ND HINDUSTAN
0 comment

सीतामाई में आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण

विधानसभा अध्यक्ष बोले- सरकार के साथ-साथ आमजन को जनभागीदारी निभाते हुए लगाने होंगे अधिक से अधिक पौधे

एनडी हिन्दुस्तान

करनाल। 
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष गुरुवार को करनाल के सीतामाई में आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि आज पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए जनभागीदारी की आवश्यकता है। सरकार अपना काम कर रही है लेकिन सरकार के साथ आमजन को भी अपना कर्तव्य निभाते हुए ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने होंगे। उन्होंने जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजित करने पर जिला प्रशासन व वन विभाग को बधाई दी।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने जिला स्तरीय वन महोत्सव में पहुंचकर सर्वप्रथम सीतामाई मंदिर में माथा टेका और पंचायत भूमि पर पौधारोपण किया। यहां स्कूली विद्यार्थियों द्वारा 1 हज़ार पौधे लगाए गए। इसके उपरांत कार्यक्रम में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम और यह विषय हम सभी के लिए जरूरी है। हम सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए क्योंकि हरियाली से जीवन बढ़ता है। आज हमें अधिक से अधिक वन क्षेत्र की जरूरत है। अच्छा जीवन जीने के लिए हमें पेड़ और हरियाली की जरूरत है तभी हम अच्छी हवा में सांस ले पाएंगे, तभी हमारे फेफड़े ठीक होंगे।  

सरकार के साथ-साथ आमजन को जनभागीदारी निभाते हुए लगाने होंगे अधिक से अधिक पौधे
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि वन महोत्सव जैसे कार्यक्रमों का मकसद है कि अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं। सरकार अपने स्तर पर प्रयास कर रही है लेकिन सरकार के साथ-साथ आमजन को जनभागीदारी निभाने की आवश्यकता है। हमें आगे आकर अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। इसके साथ-साथ हमें पेड़ों को बचाना भी है। उन्होंने कहा कि समाज के हर व्यक्ति के अंदर यह संस्कार होना चाहिए कि कैसे हम ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं, कैसे हम उन पेड़ों को बड़ा करें और कैसे उनकी रक्षा करें। इस विषय पर समाज के हर व्यक्ति को गंभीर होना होगा।

बच्चों के लिए अच्छा पर्यावरण छोडक़र जाएं

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि हम भले ही कितना मर्जी पैसा कमा लें लेकिन यदि हम उनके लिए अच्छा पर्यावरण नहीं छोडक़र गए तो हमारे बच्चे बड़े होकर सांस नहीं ले पाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने कोरोना में देखा जो आक्सीजन के सिलेंडर उद्योगों में काम आते थे, उन्हें जान बचाने के लिए इस्तेमाल किया गया। ऐसी स्थिति हमने कोरोना के समय देखी लेकिन पेड़ों से यही ऑक्सीजन हमें मुफ्त में मिलती है।

पेड़ों की बच्चों की तरह देखभाल करें
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि आज हम सभी को संकल्प लेना होगा कि अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे। इसके साथ-साथ पेड़ों की बच्चों की तरह देखभाल करनी होगी। पेड़ों से ही हमारा अस्तित्व है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अधिक से अधिक पौधे लगाने में योगदान दें। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प तभी पूरा होगा जब हमारा पर्यावरण अच्छा होगा और हमारा स्वास्थ्य अच्छा होगा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहतरीन नीतियां बनाने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का भी धन्यवाद किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले स्कूली बच्चों को 21-21 हजार रुपये की राशि
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने जिला स्तरीय वन महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मोहड़ी और रिद्म वैली स्कूल, मोहड़ी के विद्यार्थियों को 21-21 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा भी की।

जीवन को सुरक्षित और स्वस्थ रखने के लिए पेड़-पौधे लगाना अनिवार्य: कबीरपंथी
नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि आज इस पवित्र और ऐतिहासिक स्थान पर आयोजित वन महोत्सव का यह कार्यक्रम एक त्यौहार जैसा है। प्रदेश सरकार द्वारा प्राण वायु देवता के लिए सावन माह में एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत हजारों पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि हमें अपने जीवन को सुरक्षित और स्वस्थ रखना है, तो पेड़-पौधे लगाना अनिवार्य है। प्रदेश सरकार भी इसके लिए अनेक योजनाएं चला रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि देश स्वच्छ और साफ हो। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि सभी अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें।

वन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही अनेक योजनाएं : योगेंद्र राणा
असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने जिला स्तरीय वन महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हर व्यक्ति को अपने जीवन में एक पेड़ लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा वन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिसमें प्राण वायु देवता योजना के तहत पुराने पेड़ों को पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रदूषण बढ़ रहा है, जिसे कम करने के लिए पेड़-पौधे लगाना बहुत जरूरी है। पेड़ों से वातावरण शुद्ध होगा और जीवन यापन बेहतर होगा।

अधिकाधिक पौधे लगाकर पेड़ बनने तक करें उनकी देखभाल
 जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि सोहन सिंह राणा ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन के लिए जरूरी ऑक्सीजन देते हैं यह जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को भी कम करता है, मिट्टी के कटाव को रोकता है, जैव विविधता को बढ़ावा देता है, और मानव स्वास्थ्य में सुधार करता है। इसलिए हमें अधिकाधिक पौधे लगाने चाहिए और साथ ही उनकी पेड़ बनने तक उनकी देखभाल करनी चाहिए।

वन विभाग द्वारा प्रति वर्ष स्कूली बच्चों को 50 हजार पौधे  किए जाते हैं वितरित
जिला वन मंडल अधिकारी पवन कुमार ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया और कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में पर्यावरण संरक्षण व प्रदेश में वन क्षेत्र बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्राण वायु देवता योजना के तहत 75 वर्ष से अधिक पुराने पेड़ों की भी पेंशन दी जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश में आठ हजार वन मित्र नियुक्त किए गए हैं जिन्हें पौधे लगाने के लिए 120 रुपये प्रति पेड़ प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा प्रति वर्ष स्कूली बच्चों को 50 हजार पौधे वितरित किए जाते हैं।

इस मौके पर उपायुक्त उत्तम सिंह, चेयरपर्सन निर्मला बैरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, एसडीएम नीलोखड़ी अशोक कुमार, डीडीपीओ संजय टांक, डीईओ सुदेश ठुकराल, बीडीपीओ आशुतोष, भाजपा नेत्री मीना चौहान, सरपंच शिव कुमार, सीतामाई मंदिर सेवा समिति के महासचिव ईशम बैरागी, कोषाध्यक्ष सुगनचंद, पंच रिंकू व विक्की, बैरागी धर्मशाला के प्रधान ज्ञानचंद, धर्मपाल, रामफल, राजेंद्र कुमार, पालाराम सहित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?