हरियाणा में लगभग ₹5,000 करोड़ के निवेश समझौते
कृषि व पर्यावरण क्षेत्र में खुलेगा नए युग का द्वार
एनडी हिन्दुस्तान
चंडीगढ़। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ अक्टूबर माह में किया गया जापान दौरा निवेश की दृष्टि से अत्यंत सफल रहा है। इस दौरे के परिणामस्वरूप हरियाणा में लगभग पांच हजार करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं, जिनसे प्रदेश में कृषि, पर्यावरण और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत होगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार एमओयू के अनुरूप जापानी कंपनियों को शीघ्र ही जमीन व अन्य आवश्यक दस्तावेज सौंपेगी। इस प्रक्रिया को गति देने के लिए सरकार का एक प्रतिनिधि जल्द ही जापान जाएगा। जापानी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कल ही वर्चुअल माध्यम से हरियाणा सरकार के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की है।
उद्योग मंत्री ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अवगत कराया गया कि 8 जापानी कंपनियों के सीईओ ने हरियाणा में निवेश के लिए सहमति प्रदान की है और अब एमओयू के अनुसार आगे की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। जापानी कंपनियों की आवश्यकताओं और इच्छानुसार उन्हें भूमि उपलब्ध करवाई जा रही है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि नव वर्ष से पूर्व जापानी कंपनियों द्वारा निवेश प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की सहमति प्रदेश के औद्योगिक विकास के प्रति एक बड़ा सकारात्मक संकेत है। इससे विशेष रूप से कृषि एवं पर्यावरणीय क्षेत्रों में नवीन तकनीक, आधुनिक अवसंरचना और सतत विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जापान की सबसे बड़ी विशेषता उसकी वचनबद्धता और कार्यसंस्कृति है। वहां की कंपनियां जो वायदा करती हैं, उसे निर्धारित समय में पूरी निष्ठा के साथ धरातल पर उतारती हैं, और जापानी कंपनियों ने इसे तीन महीने से भी कम समय में सिद्ध कर दिखाया है।