कुवि और टाइम्स ऑफ इंडिया के बीच समझौता, छात्रों को मिलेगी इंटर्नशिप और रोजगार के नवीन अवसर
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा की अध्यक्षता में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय तथा टाइम्स ऑफ इंडिया के बीच बुधवार को एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेन्द्र पाल और टाइम्स ऑफ इंडिया की ओर से एसोसिएट जनरल मैनेजर विशाल शर्मा एवं राकेश द्वारा हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू का उद्देश्य कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के छात्रों को इंटर्नशिप मुहैया करवाना है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार अपने विद्यार्थियों के हित में औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों के साथ समझौते कर रहा है जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक कार्य अनुभवों से अवगत करवाकर उनके सर्वांगीण विकास एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि पैदा हो। इस एमओयू में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रशिक्षण, प्रशिक्षुता और रोजगार केन्द्र विश्वविद्यालय की तरफ से कोर्डिनेशन का काम करेगा।
इसकी जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. महेन्द्र सिंह ने बताया कि इस एमओयू पर हस्ताक्षर होने के बाद मैनेजमेंट, कॉमर्स और अन्य विभागों के स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थियों को ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप करने में सुविधा होगी जिससे उनके लिए रोजगार के अवसर बढेंगे। इसके साथ-साथ टाइम्स ऑफ इंडिया कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अपने समूह के विभिन्न समाचार पत्र कम दामों में उपलब्ध करवाएगा तथा विद्यार्थियों को अन्य सुविधाएं भी देगा।
इस अवसर पर कुलसचिव लेफ्टिनेंट प्रो. वीरेन्द्र पाल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर. चौधरी, प्रो. मंजूला चौधरी, प्रो. महाबीर नरवाल, प्रो. अनिल मित्तल, प्रो. प्रदीप कुमार, आईआईएचएस की प्राचार्या प्रो. रीटा दलाल, प्रो. अनिता दुआ, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, प्रो. जसविन्द्र सिंह, उपस्थित रहे।