उपायुक्त ने नशीले पदार्थों के उपयोग की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय एनकोर्ड कमेटी की बैठक की अध्यक्षता
जागरूकता के साथ-साथ कड़े कदम उठाने भी जरूरी
विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ स्कूल समय में बस्तों की जाँच भी संभव
एनडी हिन्दुस्तान
पंचकूला । उपायुक्त सतपाल शर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे के विरुद्ध जागरूक करने के साथ-साथ कड़े कदम उठाने भी जरूरी हैं।उपायुक्त आज लघु सचिवालय के सभागार में नशीले पदार्थों के उपयोग की रोकथाम के लिए गठित जिला स्तरीय एनकोर्ड कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।बैठक में बच्चों को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। यह स्पष्ट किया गया कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्कूल समय में उनके बस्तों की जांच भी की जा सकती है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई असामाजिक तत्व उन्हें नशे के अंधकार की ओर न धकेल सके।
उपायुक्त ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय दें और उन पर नियमित रूप से नजर रखें, ताकि वे गलत संगत में पड़कर अपने भविष्य से खिलवाड़ न करें। उन्होंने कहा कि अभिभावकों के साथ-साथ शिक्षकों का भी कर्तव्य है कि वे बच्चों को शिक्षा देने के साथ उनमें उच्च मूल्यों का संचार करें, ताकि वे बेहतर नागरिक बनकर देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।उन्होंने शिक्षण संस्थानों में जागरूकता शिविर, नुक्कड़ नाटक और सेमिनार आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया, ताकि वे मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकें।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्कूलों के आसपास रेहड़ी-फड़ी वालों का नियमित निरीक्षण किया जाए, ताकि किसी सामान की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री न हो।बैठक में बताया गया कि पुलिस विभाग द्वारा टोल-फ्री नंबर 7087081100 शुरू किया गया है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति मादक पदार्थों के उपयोग व तस्करी के संबंध में सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।बैठक में यह भी बताया गया कि जनवरी 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत 8 मामले दर्ज किए गए और 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 9 किलो 60 ग्राम पोपी हस्क, 6 किलो 296 ग्राम गांजा, 334 ग्राम हेरोइन, 6 ग्राम कोकीन और 2280 टैबलेट्स बरामद की गईं।इस अवसर पर एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, सिविल सर्जन पंचकूला डॉ. मुक्ता कुमार, एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, सीएमओ कार्यालय से डॉ. संदीप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।