एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। नगर निगम की टीम ने रादौर रोड पर विश्वकर्मा चौक से जोडियो नाके तक अतिक्रमण हटाया। इस दौरान निगम की टीम ने अतिक्रमण करने पर 4 दुकानदारों व खुले में गंदगी डालने पर दो दुकानदारों के चालान किए। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर की गई। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने के लिए जोन एक में सीएसआई हरजीत सिंह व जोन दो में सीएसआई विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। जोन दो में सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा, होमगार्ड के जवान व अन्य कर्मियों की टीम रादौर रोड पर विश्वकर्मा चौक के पास पहुंची। टीम द्वारा सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाना शुरू किया। निगम की यह कार्रवाई देख दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने स्वयं दुकानों के बाहर रखा सामान अंदर रखना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने बहुत अधिक दूरी तक अतिक्रमण करने पर चार दुकानदारों के चालान किए और उनसे जुर्माना राशि वसूली। वहीं, दो दुकानों के आगे गंदगी पड़ी मिली। जिस पर निगम की टीम ने दोनों दुकानदारों के खुले में गंदगी डालने के चालान किए गए। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि शहर की सड़कों पर कुछ दुकानदारों व स्ट्रीट वेंडर्स ने सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ है। इससे सड़कों पर जाम लगता है और आमजन को परेशानी होती है। सड़क पर जाम लगने से कई बार आपातकालीन सेवाएं जैसे एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की सेवाएं प्रभावित होती है। इसलिए सभी दुकानदारों से अपील है कि वे सड़क पर सामान न रखकर दुकान के अंदर रखें। स्ट्रीट वेंडर्स भी वेंडिंग जोन में अपनी रेहड़ी व फड़ी लगाकर अपना व्यवसाय करें। ताकि आमजन को सड़क से निकलने में कोई परेशानी न हो। दुकानदारों से अपील है कि वे खुले में कचरा न डाले। गंदगी डालने के लिए दो अलग अलग डस्टबिन रखें। जिसमें सूखा व गीला कचरा अलग अलग एकत्रित किया जाए।