एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डीएवी गर्ल्स कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कॉलेज के इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल, एनएसएस यूनिट एवं हरित हरियाणा अभियान समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. सुरिंदर कौर, आईआईसी कनवीनर विवेक, एनएसएस इंचार्ज पारूल सिंह व कनिका ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। ममता थापर, कार्यक्रम समन्वयक रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई। छात्राओं और शिक्षकों ने पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया तथा पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवन शैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।इस अवसर पर आयोजित ई-पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में छात्राओं ने रचनात्मकता का परिचय देते हुए ऊर्जा संरक्षण, जल बचाव, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे विषयों पर प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किए। कॉलेज परिसर में लगाए गए इको-अवेयरनेस साइनेज ने भी विद्यार्थियों और आगंतुकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का कार्य किया। प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से छात्राओं ने कपड़े के थैले तैयार किए और सभी को प्लास्टिक बैग के स्थान पर इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया।डॉ. सुरिंदर कौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास करे तो धरती को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने का सपना साकार हो सकता है। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। मौके पर पारुल, कनिका, डॉ दीपिका घई, मनिका सेठी, विकास वालिया, परमेश कुमार, अनू, डॉ रंजना, डॉ स्मृति, रजनी, जसमीत, प्रियंका, पूजा सिंदवानी, डॉ शिखा, डॉ मधु, मन्नत कांबोज सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।