Home Chandigarh बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रत्येक बच्चे को पिलानी होगी दवा :- मनीष कुमार ग्रोवर

बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रत्येक बच्चे को पिलानी होगी दवा :- मनीष कुमार ग्रोवर

by ND HINDUSTAN
0 comment

ग्रोवर व सिविल सर्जन ने किया अभियान का शुभारंभ

रोहतक में 1,19,315 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

कोई भी पात्र बच्चा खुराक से न रहे वंचित :- सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा

एनडी हिन्दुस्तान

रोहतक। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ आज पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर एवं सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा ने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया।मनीष कुमार ग्रोवर ने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दो बूंद पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस जनहितकारी अभियान की सफलता में समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग महत्वपूर्ण है।सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिला में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1,19,315 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिला में 477 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां अभियान के प्रथम दिन 28 जून को बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला के सभी स्वास्थ्य खंडों में भी राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया है तथा प्रत्येक स्वास्थ्य संस्था एवं फील्ड टीम को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।डॉ. कमला वर्मा ने कहा कि अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिन अर्थात 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो पहले दिन बूथों तक नहीं पहुंच सके। विशेष रूप से ईंट-भट्टों, झुग्गी-झोपडिय़ों, निर्माण स्थलों, प्रवासी मजदूरों की बस्तियों तथा अन्य छूटे हुए क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को चिन्हित कर उन्हें पोलियो की दवा पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रतिभा ने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक बूथ एवं फील्ड टीम को पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन, वैक्सीन कैरियर, मार्कर, रजिस्टर तथा अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिला के सभी अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनके घर में 0 से 5 वर्ष आयु का कोई भी बच्चा है तो उसे पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, चाहे उसे पहले भी नियमित टीकाकरण के अंतर्गत पोलियो की खुराक मिल चुकी हो। पोलियो की प्रत्येक अतिरिक्त खुराक बच्चे को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।इस अवसर पर समाजसेवी विकास बंसल, चिकित्सा अधीक्षक नागरिक अस्पताल रोहतक डॉ. पुष्पेंद्र, उप सिविल सर्जन डॉ. अनिलजीत, यूएनओ डॉ. परितेव, एएसएमओ डॉ. हेमंत, सुरेश भारद्वाज, हिमांशु (एसए) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?