एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के नव नियुक्त निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने आज स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में शहरी और ग्रामीण अंचल के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और कहा कि हरियाणा के ग्रामीण अंचल में बीते 11 वर्षों में स्वच्छता, पेयजल व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के अलावा ढांचागत तंत्र के विकास में अभूतपूर्व काम हुए हैं। इस अवधि में गांवों में बनकर तैयार हुए ग्राम सचिवालय, योगशालाएं, पुस्तकालय भवन, अमृत सरोवर, खेल स्टेडियम, सामुदायिक भवन और बेहतरीन गलियां, नालियां और सडक़ें इस बात के जीवन्त प्रमाण है कि सरकार ने नई सोच और संकल्प के साथ राजकाज की नई कार्य संस्कृति स्थापित करने में सफलता हासिल की है।
इसके बाद शहर के एक रेस्तरां में आयोजित कार्यक्रम में युवा शक्ति से रूबरू हुए डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान की भूमिका और कार्यप्रणाली के विषय में चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश का यह शिखर शिक्षण संस्थान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज से जुड़े विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रशिक्षण और कौशल विकास के साथ निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की कार्यक्षमता में सुधार के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता है। इसी कड़ी में उन्होंने शिष्टाचार भेंट के लिए पहुँचे असंध खंड की सरपंच एसोसिएशन के प्रधान से ग्राम पंचायतों की समसामयिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ग्राम पंचायतों के समक्ष उत्पन्न होने वाली सभी चुनौतियों और समस्याओं का समाधान करने में संस्थान हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के मार्गदर्शन में हरसंभव कार्य करेगा।
कुश्ती कोच सोमवीर सिंह कुश्ती खिलाडि़य़ों की एक टीम के साथ नवनियुक्त निदेशक का स्वागत करने पहुंचे। उन्होंने कुश्ती खिलाडिय़ों की समस्याओं से डॉ. चौहान को अवगत कराया। जींद के सिंघाना से पहुंचे पंडित सुनील शास्त्री, महावीर शर्मा, प्रमोद राणा और योगेन्द्र सिंह ने भी गांव की ओर से पगड़ी भेंट कर डॉ. चौहान का अभिनंदन किया। सरदार जी रेस्तरां में योगेश ठकराल के संयोजन में पुरूषोत्तम ठुकराल, बादल छाबड़ा, अंकित परुथी, नीतिन जुनेजा और ट्विंकल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
लोक निर्माण विश्रामगृह में पतंजलि योग समिति के प्रभारी एडवोकेट नरेन्द्र शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता इंद्रजीत सिंह, डॉ. संदीप राणा,पूर्व सैनिक चौ. रामदिया मोर, भाजपा नेता राजेश पाढ़ा, अंकुश राणा, अभय प्रताप सिंह, पन्ना लाल प्रजापति, पंकज आर्य आदि शामिल थे।