नए एल.ओ.आर. किए गए तैयार
सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग कर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा- विनोद नेहरा
1 से 30 जून तक सभी नगर पालिकाओं में लगेंगे लोक कल्याण मेले
एनडी हिन्दुस्तान
करनाल । नगर निगम कार्यालय के सभागार में सोमवार को स्वनिधि महोत्सव-लोक कल्याण मेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निगम आयुक्त विनोद नेहरा ने की। शिविर में जिला परियोजना अधिकारी सह विशेषज्ञ प्रवीण चुग, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा शाखा से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में करीब 82 पथ विक्रेताओं ने भाग लिया। इस दौरान उनके नए लेटर ऑफ रिकमेंडेशन (एल.ओ.आर.) तैयार किए गए तथा सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग की गई। साथ ही ऋण वितरण को लेकर पथ विक्रेताओं को आने वाली समस्याओं का बैंक अधिकारियों के माध्यम से समाधान भी करवाया गया। उप निगम आयुक्त ने बताया कि स्वनिधि महोत्सव-लोक कल्याण मेला का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं को जागरूक कर उन्हें ऋण सुविधा उपलब्ध करवाना है। इसके अतिरिक्त सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग के माध्यम से उन्हें विभिन्न विभागों एवं बैंकों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना भी है, ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके।
उन्होंने बताया कि स्वनिधि से समृद्धि अभियान के तहत सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग के माध्यम से पथ विक्रेताओं को वन नेशन वन राशन कार्ड, भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण योजना, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को 15 हजार रुपये, 20 हजार रुपये एवं 50 हजार रुपये तक का ऋण बैंकों के माध्यम से उपलब्ध करवाया जाता है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
उप निगमायुक्त ने बताया कि स्वनिधि महोत्सव-लोक कल्याण मेले 1 जून से 30 जून तक नगर निगम करनाल सहित जिले की सभी नगर पालिकाओं तथा गांव ऊंचा समाना में आयोजित किए जाएंगे। इस लिए विस्तृत कार्यक्रम तैयार कर लिया गया है तथा सभी नगर पालिका सचिवों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नगर निगम करनाल क्षेत्र के पथ विक्रेताओं के लिए नगर निगम करनाल क्षेत्र के लिए दिनांक 5, 10, 12 एवं 16 जून को निगम कार्यालय में तथा 7 व 21 जून को संडे सेल बाजार में लोक कल्याण मेला आयोजित किया जाएगा। इसी प्रकार असंध नगर पालिका क्षेत्र के लिए 3 एवं 23 जून को नगर पालिका कार्यालय में, घरौंडा नगर पालिका क्षेत्र के लिए 4 एवं 24 जून को बीडीपीओ कार्यालय में, इंद्री नगर पालिका क्षेत्र के लिए 8 एवं 26 जून को नगर पालिका सभागार में, नीलोखेड़ी नगर पालिका क्षेत्र के लिए 9 एवं 30 जून को नगर पालिका कार्यालय में, निसिंग नगर पालिका क्षेत्र के लिए 2 एवं 22 जून को नगर पालिका कार्यालय में, तरावड़ी नगर पालिका क्षेत्र के लिए 15 जून को अग्रवाल धर्मशाला में तथा गांव ऊंचा समाना के लिए 11 एवं 25 जून को ग्राम सचिवालय में स्वनिधि महोत्सव-लोक कल्याण मेले आयोजित किए जाएंगे।
उप निगम आयुक्त ने जिला के सभी पथ विक्रेताओं से अपील करते कहा कि वे इन शिविरों में पहुंचकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।